महेश प्रताप/बस्ती। प्रदेश में बिजली विभाग की लापरवाही के चलते अक्सर बड़े हादसे होते रहते हैं और उन हादसों में आम लोगों की जानें जाती हैं। कई बार इसका शिकार बिजली विभाग के लोग भी होते हैं, बावजूद उनकी लापरवाही कायम है। ताजा मामला उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के सलटौआ ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले आमा न्याय पंचायत के टिनिच बाजार का है, जहां ट्रांसफार्मर नीचे लगा दिया गया जो लोगों के लिए परेशानी व असुविधा का सबब बन गया है। लोग बिजली की चपेट में आने से बाल बाल बच रहे हैं।
यह ट्रांसफार्मर हरदी फीडर के अंतर्गत आता है तथा टिनिच बाजार पुल के पास स्थित है। अभी हाल ही में एक बुजुर्ग इस ट्रांसफॉर्म के चपेट में आने से बाल बाल बचा, क्योंकि यह सड़क से सटा हुआ है और बहुत ही निचले हिस्से में लगा दिया गया है। यह अक्सर लोगों के साथ हो रहा है, किसी दिन किसी की जान भी जा सकती है। विद्युत विभाग के जिम्मेदार लोगों इसका संज्ञान में लेना चाहिए और तुरंत घेराबंदी कर इसका रोकथाम करके लोगों को इस समस्या से निजात दिलाना चाहिए। यहां विद्युत विभाग के लोगों का आना जाना भी लगातार रहता है इसके बावजूद कोई भी कर्मचारी या अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि किसी दिन विद्युत विभाग की गलती की वजह से बड़ा हादसा होगा तब उनका ध्यान जाएगा।
बस्तीः बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही, ट्रांसफार्मर नीचे लगने से लोगों में डर का माहौल

