गुरुग्राम:उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने कहा कि सुरक्षा बल के जवानों को साइबर सुरक्षा के लिए तैयार होना होगा। आतंकवादियों ने साइबर हमलों की मदद से देश में नुकसान पहुंचने का प्रयास किया है। सभी जवानों को नई तकनीक और रणनीति से तैयार किया जाए। इसके अलावा देश में आंतरिक सुरक्षा के लिए नक्सलवाद एक बड़ा कारण है। ऐसे में हमारे जवानों को हर रणनीति ओर तकनीक का प्रशिक्षण होना जरूरी है।
कादरपुर में सीआरपीएफ के 50वें बैच की पासिंगआउट परेड के दौरान वेंकैया नायडू ने कहा कि आज का दिन गौरवशाली है। आज के ही दिन 16 दिसंबर 1971 को हमारे देश के इतिहास में हमारी सेना के शौर्य के आगे पाकिस्तानी सेनाओं ने भारतीय सेना की वीरता के समक्ष आत्मसमर्पण किया था।
आज आप भी राष्ट्र निष्ठा और कर्तव्य निष्ठा की उसी गौरवशाली परंपरा में सम्मिलित हो रहे हैं। आपको स्वयं को इस महान विरासत का उत्तराधिकारी सिद्ध करना है। देश की आंतरिक सुरक्षा बनाए रखने में सीआरपीएफ का योगदान सर्वविदित है।