जालोर:राजस्थान के जालोर में एक सभा को संबोधित करते हुए बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी राजस्थान में अंगद का पैर है। उसे कोई हिला नहीं सकता है। शाह ने सभा में मौजूद लोगों से कहा कि आप बीजेपी की सरकार बना दीजिए हम देश से एक-एक घुसपैठियों को चुन-चुन कर बाहर निकाल फेकेंगे।
उन्होंने कहा कि जो मोदी सरकार ने सबसे बड़ा काम किया है वो देश को सुरक्षित करने का काम किया है। शाह ने कहा कि कांग्रेस की अशोक गहलोत की सरकार 94,000 करोड़ का बजट छोड़ कर गई थी। इस बजट को वसुंधरा राजे की सरकार ने बढ़ाकर 2,12,000 करोड़ का कर दिया।
अमित शाह ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि हमारे विरोधी कहते हैं कि यहां एक बार बीजेपी आती और एक बार कांग्रेस लेकिन मैं जालोर की धरती से डंके की चोट पर कहना चाहता हूं कि यहां फिर एक बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने जा रही है। उन्होंने लोगों से कहा कि जिनके पास मोबाइल है, वे अपने रिश्तेदारों को लगभग 50 लोगों को फोन करें कि कमल का बटन दबाएं। बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि राजस्थान एक बीमारू राज्य था, जिसे हमारी सरकार ने बदल दिया।
अमित शाह ने बताया कि केंद्र में यूपीए की सरकार थी, 13वें वित्त आयोग में 1 लाख 9 हजार करोड़ रुपये देते थे। इसके बाद पीएम मोदी की सरकार आई तो 2 लाख 63 हजार करोड़ रुपया राजस्थान को दिया है।
राजस्थान में बीजेपी अंगद का पैर, कोई हिला नहीं सकता:अमित शाह

