हैदराबाद:तेलंगाना में ज्यों-ज्यों मतदान की तारीख पास आती जा रही है मैदान में उतरे सियासी दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला और तेज हो गया है। मंगलवार को तेलंगाना में रैली करने पहुंचे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सीधा राज्य सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि आज यहां के राज्य के मेडिकल कॉलेज की हालत ये हो गई है कि यहां से अच्छा गांव का होस्टल है। पीएम मोदी ने राज्य सरकार पर हमले को और तेज करते हुए कहा कि यहां के मुख्यमंत्री ने बोला था कि निजामाबाद को लंदन बना देंगे। लेकिन, इस क्षेत्र की हालत देखिए। यह पर विकास की काफी कमी है।
तेलंगाना के सीएम को खुद पर नहीं भरोसा
पीएम मोदी ने कहा कि राज्य सरकार को खौफ सता रहा है। यही वजह है कि यहां के मुख्यमंत्री अपने आपको इतना असुरक्षित महसूस करते हैं कि वह खुद पर भरोसा नहीं करते हैं। इसलिए वह पूजा पाठ पर या नींबू मिर्ची पर भरोसा करते हैं।
राज्य सरकार ने गरीबों के साथ किया अन्याय
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हमने प्रधानमंत्री आयुषमान योजना बनाई। देश के 50 करोड़ लोगों को अगर गंभीर बीमारी हो जाए तो यह गरीब और मध्य वर्ग के लिए मोदी सरकार ने मोदी केयर की योजना बनाई। लेकिन, यहां की सरकार ने डर के चलते इस योजना से जुड़ने से इनकार किया है और गरीबों के साथ अन्याय किया है। उन्होंने कहा कि पिछले तीन महीने के अंदर देश के करीब तीन लाख परिवारों को आयुष्मान भारत योजना का लाभ मिला। लेकिन, इनमें से एक भी परिवार तेलंगाना का नहीं है। इसके लिए राज्य सरकार जिम्मेदार है क्योंकि यहां की सरकार ने इस योजना का लाभ लेने से इनकार कर दिया।
बीजेपी का एक ही मंत्र
पीएम मोदी ने कहा कि बीजेपी का एक ही मंत्र है सबका साथ और सबका विकास। वोट बैंक की राजनीति ने विकास की यात्रा की दीमक लगा दी है। उसके कारण वोट बैंक का ख्याल रखने की सभी को आदत हो गई है। जहां पर भाई भतीजावाद फला फूला है वहां पर विकास रूक गया है। बीजेपी ने पंचतत्व का रास्ता चुना है। देश के सामान्य मानवीय का सशक्तीकरण करना है।
तेलंगाना में विकास की काफी कमी है : प्रधानमंत्री मोदी

