लखनऊ:उत्तर प्रदेश के बजट में सभी धर्मों की परित्यक्त महिलाओं के लिए पेंशन की व्यवस्था किए जाने की सूचना है। प्रदेश सरकार ने इसके लिए बजट में 500 करोड़ रुपये से अधिक धनराशि का प्रावधान किया है। बजट मंगलवार को विधानमंडल में प्रस्तुत किया जाएगा।
संसद में तीन तलाक बिल पास होने के बाद से ही राज्य में तीन तलाक पीड़िताओं को पेंशन दिए जाने की चर्चाएं चल रही थीं। बताया जा रहा है कि तीन तलाक पीड़िताओं को 500 रुपये प्रति महीने यानी साल में 6000 रुपये देने की योजना तैयार की गई है।
2020-21 के बजट में इस योजना को शामिल कर लिया गया है। तीन तलाक पीड़िताओं के साथ ही सभी धर्मों की परित्यक्त महिलाओं को इस योजना का लाभ दिया जाएगा। राज्य में करीब पांच हजार तीन तलाक पीड़ित महिलाएं हैं।
सीएम योगी ने की थी मदद की बात
तीन तलाक कानून बन जाने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा था कि उनकी सरकार तीन तलाक पीड़ित बहनों को सरकारी मदद देगी। तभी से समय-समय पर यह विषय चर्चाओं में आता रहा है। राज्य सरकार तीन तलाक पीड़िताओं के साथ ही अन्य धर्मों की परित्यक्त महिलाओं को अब पेंशन देने की तैयारी में है।
महिला सुरक्षा पर 40 फीसदी अधिक धनराशि
सूत्र बताते हैं कि राज्य सरकार इस बजट में महिलाओं की सुरक्षा को भी प्रमुखता से रखने की तैयारी में है। महिला सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं में इस बार पिछले वर्ष के मुकाबले करीब 40 फीसदी अधिक धनराशि दिए जा सकते हैं। महिलाओं के कल्याण से जुड़ी अन्य योजनाओं के लिए भी भारी भरकम धनराशि दी जा सकती है।
यूपी में ट्रिपल तलाक पीड़िताओं को मिलेगा पेंशन, बजट में 500 करोड़ का इंतजाम

