जेनेवा:विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने शुक्रवार (20 मार्च) को इस खबर का स्वागत किया कि चीन के जिस वुहान शहर में दिसंबर में नया कोरोना वायरस सामने आया था वहां पहली बार पिछले 24 घंटे में इस महामारी का एक भी मामला सामने नहीं आया है।
डब्ल्यूएचओ के प्रमुख टेड्रोस अदनोम गेब्रेयसस ने संवाददाता सम्मेलन में कहा, ”वुहान में इस बीमारी के फैलने के बाद पहली बार 19 मार्च को एक भी मामला सामने नहीं आया है।” उन्होंने कहा, ”वुहान ने बाकी दुनिया के लिए एक नई आस जगाई है कि सबसे गंभीर स्थिति भी पलटी जा सकती है।”
इटली में कोरोना से मरने वालों की संख्या 4000 के पार
इटली में शुक्रवार (20 मार्च) को कोरोना वायरस से 627 और लोगों की मौत होने के साथ ही इस बीमारी से मरने वालों की संख्या महामारी को नियंत्रित करने के लिए सरकार के भरपूर प्रयासों के बावजूद दुनिया में सबसे अधिक 4,000 के पार चली गई।
इस देश में इस रोग से प्रतिदिन की मृत्युदर उससे भी ज्यादा हो गयी है जो चीन में वुहान के हुबई प्रांत में इस बीमारी शिखर पर रहने के दौरान वहां की आधिकारिक मृत्युदर थी। इटली में बुधवार को एक दिन में इस बीमारी से 475 लोगों की जान गई थी।
इटली में महज पिछले तीन दिनों में कोविड-19 से 1500 से ज्यादा मौतें हुई हैं। इटली में इस बीमारी से अब तक 4,032 लोगों की जान जा चुकी है। देश में इस रोग के मामले 6,000 की बढ़ोत्तरी के साथ 47,021 हो गए।

