नई दिल्ली:महाराष्ट्र और हरियाणा विधानसभा चुनाव के परिणाम लगभग घोषित हो चुके हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महाराष्ट्र में जीत पर खुशी जताई। मोदी ने ट्वीट किया- महाराष्ट्र के लोगों ने एनडीए को आशीर्वाद दिया। हम लोगों के पुन: समर्थन को विनम्रता से स्वीकार करते हैं। महाराष्ट्र के विकास के लिए हमारा काम जारी रहेगा। मैं भाजपा और शिवसेना के प्रत्येक कार्यकर्ता को प्रणाम करता हूं। एनडीए परिवार का परिश्रम सराहनीय है।
एक अन्य ट्वीट में मोदी ने कहा- मैं हरियाणा की जनता को हमें आशीर्वाद देने के लिए धन्यवाद देता हूं। हम पूरी लगन और उत्साह के साथ प्रदेश के विकास के लिए काम करते रहेंगे। मैं हरियाणा के सभी कार्यकर्ताओं के कड़े परिश्रम और लोगों के बीच विकास का एजेंडा ले जाने के लिए उनकी प्रशंसा करता हूं।
शाह ने जनता का अभिनंदन किया
इस बीच गृह मंत्री और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने महाराष्ट्र और हरियाणा की जनता का अभिनंदन किया। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘भाजपा-शिवसेना गठबंधन में विश्वास प्रकट करने के लिए महाराष्ट्र की जनता का कोटि-कोटि अभिनंदन। मोदी जी के नेतृत्व में महाराष्ट्र सरकार निरंतर प्रदेश की प्रगति और जनता की सेवा के लिए समर्पित रहेगी। मुख्यमंत्री फडणवीस और राज्य के कार्यकर्ताओं को बधाई।’’ उन्होंने दूसरे ट्वीट में कहा, ‘‘गत 5 वर्षों में मोदी जी के नेतृत्व में खट्टर सरकार ने हरियाणा की जनता के कल्याण के लिए हर संभव प्रयास किये। भाजपा को सबसे बड़ी पार्टी बनाकर पुनः सेवा का मौका देने के लिए जनता का अभिनंदन करता हूँ। मुख्यमंत्री खट्टर और कार्यकर्ताओं को बधाई।’’
आज शाम प्रधानमंत्री से मिलेंगे शाह
अमित शाह आज शाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे। दोनों नेता शाम को पार्टी मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित भी करेंगे। दोनों नेताओं की मुलाकात के दौरान, महाराष्ट्र में गठबंधन की जीत के बाद आगे के हालात पर चर्चा हो सकती है, तो वहीं हरियाणा में पार्टी के खराब प्रदर्शन पर भी विचार किया जा सकता है। पार्टी ने हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर को भी दिल्ली बुलाया है।
कर्नाटक का मामला सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन
चुनाव आयोग ने 23 सितंबर को कर्नाटक की 15 विधानसभा सीटों पर भी उपचुनाव का ऐलान किया था। लेकिन सुप्रीम कोर्ट में विधायकों की अयोग्यता का मामला विचाराधीन है। इसके चलते आयोग ने तारीख आगे बढ़ाई थी, अब कर्नाटक में 5 दिसंबर को उपचुनाव कराए जाएंगे।
मोदी ने खुशी जताई, शाह ने कहा- भाजपा को पुनः सेवा का मौका देने के लिए जनता का अभिनंदन करता हूँ

