मुंबई: पुलिस और इलेक्शन कमीशन की टीम पर हमले के आरोप में बुधवार देर रात एक कैनेडियन मॉडल को गिरफ्तार किया गया। गुरुवार को मॉडल को बांद्रा कोर्ट में पेश किया गया। जहां कोर्ट ने उन्हें एक दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया। घटना मुंबई के अंधेरी स्थित वीरा देसाई रोड की है। आरोप है कि बुधवार दोपहर 12.30 बजे इलेक्शन कमीशन के फ्लाईंग स्क्वायड की टीम गाड़ियों की चेकिंग कर रही थी। टीम की ओर से चेकिंग की वीडियो रिकॉर्डिंग भी की जा रही है।
वीडियो रिकॉर्डिंग से थी मॉडल को आपत्ति
नाकाबंदी के दौरान मॉडल शीना लखानी (33) की कार को जांच के लिए रोका गया। मॉडल चेकिंग के लिए तो तैयार हो गईं। लेकिन उन्होंने वीडियो रिकॉर्डिंग से मना कर दिया। इस दौरान उनकी इलेक्शन कमीशन के अधिकारियों के साथ तीखी बहस हुई। आसपास के लोगों ने आकर मामला सुलझाया। इसके बाद मॉडल वहां से चली गई।
फिर दोस्तों के साथ आई और मारपीट की
इसके बाद शीना करीब 2 बजे अपने दो दोस्तों के साथ मोटरसाइकिल से वहां आईं। उन्होंने चुनाव आयोग के अधिकारियों से झगड़ा करना शुरू कर दिया। कुछ ही देर में नौबत मारपीट तक पहुंच गई। बीच बचाव करने पहुंची पुलिस टीम के साथ भी धक्का-मुक्की की। आरोप यह भी है कि मॉडल के दोस्तों ने आयोग का कैमरा छीनने का प्रयास किया।
वहीं, इस मामले पर चुनाव आयोग के अधिकारियों का कहना है कि अगर मॉडल को वीडियो रिकॉर्डिंग से आपत्ति थी तो वह पुलिस स्टेशन में शिकायत कर सकती थीं। कैमरा छीनना और धक्का-मुक्की करना सरकारी कम में बाधा पहुंचाना है। घटना के बाद मॉडल को अंधेरी पुलिस स्टेशन ले जाया गया। जहां देर रात उनके खिलाफ आईपीसी की धारा 353,186,427,506 के तहत केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया।
वीडियो रिकॉर्डिंग को लेकर कैनेडियन मॉडल ने चुनाव आयोग की टीम से मारपीट की, गिरफ्तार

