रांची:भारत ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन टेस्ट की सीरीज के आखिरी मैच की पहली पारी 9 विकेट पर 497 रन बनाने के बाद घोषित कर दी। टीम के लिए रोहित शर्मा और अजिंक्य रहाणे जैसे अनुभवी खिलाड़ियों ने शतकीय पारी खेली। इसी दौरान गेंदबाज उमेश यादव ने 10 गेंद पर 31 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में पांच छक्के लगाए। उमेश टेस्ट में सबसे तेज 30+ रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए। साथ ही उन्होंने 310 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए। ये 10+ गेंद की पारी में रिकॉर्ड स्ट्राइक रेट है।
उमेश ने सबसे तेज 30+ रन बनाने के मामले में न्यूजीलैंड के स्टीफन फ्लेमिंग का रिकॉर्ड तोड़ दिया। न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान ने 2004 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ ही 11 गेंद पर नाबाद 31 रन बनाए थे। वेस्टइंडीज के नैम मेकलिन ने 1998 में अफ्रीकी टीम के खिलाफ 12 गेंद पर 31, पाकिस्तान के अब्दुल रज्जाक ने 2011 में जिम्बाब्वे के खिलाफ 17 गेंद पर 43 रन बनाए थे।

