नई दिल्ली: उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडु ने आज एक समारोह में उज्जवला योजना के अंतर्गत 6 करोड़वाँ गैस कनेक्शन लाभार्थी को प्रदान किया। इस अवसर पर उपराष्ट्रपति ने कहा कि उज्जवला योजना गरीबी उन्मूलन कार्यक्रम ही नहीं बल्कि सशक्तिकरण, मानव गरिमा और आत्मसम्मान को अक्षुण्ण रखने का कार्यक्रम है। उन्होंने कहा कि हम अपनी आंखों के सामने एक शांत क्रांति होती देख रहे हैं। उपराष्ट्रपति ने कहा कि महात्मा गांधी के 150वें जन्म जयंती वर्ष में यह एक महत्वपूर्ण अवसर है। इतने वर्षों में हमारा प्रयास रहा है कि हम अपने पूर्वजों का एक शक्तिशाली, जीवंत और सर्वस्पर्शी भारत का सपना पूरा कर सकें। उपराष्ट्रपति ने कहा कि अक्सर हम अपनी माताओं और बहनों के जीवन के संघर्षों को नजरअंदाज कर देते हैं। कई पीढ़ियों तक घर की महिलाओं ने अपने जीवन को धुऐं भरे काले रसोईघरों में खपा दिया।
उज्जवला योजना लागू होने से LPG कवरेज 90% हुआ
उज्जवला योजना के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि जमीन से जुड़े राजनैतिक कार्यकर्ता और नेता के रूप में उन्होंने समाज के दुर्बल वर्ग की कठिनाइयों को पहचाना और उसे दूर करने के लिए उज्जवला योजना को सफलतापूर्वक लागू किया। उज्जवला योजना लागू होने से देश में LPG कवरेज मई 2014 में 55% से बढ़ कर दिसंबर, 2018 तक 90% हो गया है। 1.03 करोड़ देशवासियों ने अपनी LPG सब्सिडी त्याग कर इस योजना में सहयोग दिया।
अगर आपने भी अभी तक उज्जवला योजना के तहत रसोई गैस का कनेक्शन नहीं लिया है तो नए साल में आपको भी इसे लेने का मौका मिल सकता है। सरकार ने उज्जवला योजना के तहत 8 करोड़ देशवासियों को मुफ्त रसोई गैस कनेक्शन देने का लक्ष्य रखा हैं। इस लक्ष्य को मई 2019 तक पूरा किया जाना है। यानी सरकार अगले पांच महीने में 2 करोड़ कनेक्शनों का वितरण करेगी। तो फिर देर मत कीजिए और जल्द से जल्द उज्जवला योजना के तहत मुफ्त रसोई गैस कनेक्शन के लिए आवेदन करें।
उज्जवला योजना के तहत मुफ्त गैस कनेक्शन देने के लिए रसोई गैस वितरकों की ओर से गांवों और शहरों में कैंप लगाए जा रहे है। आप इन कैंपों में जाकर आवेदन कर सकते है। इसके अलावा आप अपने नजदीकी किसी भी गैर एजेंसी पर जाकर भी आवेदन कर सकते हैं। आप सरकारी गैस वितरण कंपनियों IOCL, HPCL, BPCL की वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन भी कर सकते हैं।

