नई दिल्ली:दिल्ली विधानसभा चुनाव में अब तक के रुझानों से साफ हो गया है कि दिल्ली में एक बार फिर से आम आदमी पार्टी की सरकार बनेगी। चुनाव आयोग के आंकड़ों में दिल्ली में केजरीवाल की सरकार बनती दिख रही है, वहीं बीजेपी को कुछ सीटों का फायदा होता दिख रहा है। मगर कांग्रेस कहीं भी नहीं दिख रही है। इस बीच चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर की प्रतिक्रिया आई है। प्रशांत किशोर ने रुझानों में आम आदमी पार्टी की जीत पर दिल्ली और दिल्ली की जनता को धन्यवाद दिया है।
दिल्ली चुनाव में आम आदमी पार्टी के लिए रणनीति बनाने वाले प्रशांत किशोर ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से ट्वीट किया, ‘भारत की आत्मा को बचाने में खड़े होने के लिए दिल्ली को धन्यवाद।’ बता दें कि 29 जनवरी के बाद प्रशांत किशोर का यह पहला ट्वीट है। 29 जनवरी को उनका आखिरी ट्वीट था, वो भी जदयू से निकाले जाने के बाद नीतीश कुमार को धन्यवाद देने के लिए।
बता दें कि दिल्ली चुनाव में अब तक के रुझानों में आम आदमी पार्टी 57 सीटों पर आगे चल रही है, वहीं बीजेपी 13 सीटों पर आगे है। फिलाहल अभी तक कांग्रेस का एक भी जगह से खाता नहीं खुला है। वोट फिसदी की बात करें तो आम आदमी पार्टी को 53 फीसदी वोट मिलते दिख रहे हैं, वहीं बीजेपी को करीब 39 फीसदी।
दिल्ली चुनाव में 62.59 प्रतिशत मतदान
दिल्ली विधानसभा की 70 सीटों के लिए 8 फरवरी को मतदान हुआ था। दिल्ली में मतदान समाप्त होने के करीब 24 घंटे बाद चुनाव आयोग ने 9 फरवरी की शाम को घोषणा की कि विधानसभा चुनाव में अंतिम मतदान प्रतिशत 62.59 रहा, जो 2015 के आंकड़े से पांच फीसदी कम है। आम आदमी पार्टी ने इस आंकड़े को जारी करने में हुई देरी पर सवाल उठाया था।
दिल्ली कैंट में सबसे कम मतदान
सबसे अधिक मतदान 71.6 फीसद बल्लीमारान में हुआ, जबकि सबसे कम 45.4 फीसद मतदान दिल्ली कैंट में हुआ। आंकड़े के हिसाब से ओखला निर्वाचन क्षेत्र में 58.54 मतदान दर्ज किया गया जहां शाहीन बाग और जामिया नगर हैं। शाहीन बाग सीएए विरोधी प्रदर्शन का 50 दिनों से भी अधिक समय से केंद्र बना हुआ है। इस चुनाव में 593 पुरुष उम्मीदवार और 79 महिला प्रत्याशी अपनी राजनीतिक तकदीर आजमा रहे हैं।
थैंक्यू दिल्ली: AAP की जीत पर आया प्रशांत किशोर का ट्वीट

