जेनेवा: संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने शुक्रवार को स्पष्ट किया कि नवंबर में कश्मीर मुद्दे पर कोई चर्चा नहीं होगी। यूके की स्थाई प्रतिनिधि और सिक्योरिटी काउंसिल की मौजूदा अध्यक्ष केरन पियर्स ने कहा- फिलहाल दुनिया में कई तरह के मसले चल रहे हैं। जहां तक कश्मीर का सवाल है तो इस महीने चर्चा के लिए इसे शेड्यूल नहीं किया गया है। पहले इस पर चर्चा हो चुकी है।
दरअसल, यूएन के टॉप-15 देशों में नवंबर के लिए ब्रिटेन को अध्यक्ष का दायित्व सौंपा गया है। इस मौके पर प्रेसवार्ता आयोजित हुई। वहां प्रेसिडेंट पियर्स से सीरिया के पत्रकार ने सवाल किया कि इस बार काउंसिल की अध्यक्षता का दायित्व ब्रिटेन को मिला है तो उसकी ओर से कश्मीर को लेकर किसी सभा या परिचर्चा का कोई प्रस्ताव है।
सुरक्षा परिषद ने हाल ही में चर्चा की थी
प्रेसिडेंट पियर्स ने कहा, “अध्यक्ष दुनियाभर में चल रहे मसलों में से ऐसे मामलों को चुनता है, जिन्हें पहले से सुरक्षा परिषद के मानकों के आधार पर शेड्यूल नहीं किया गया है। हमने कश्मीर का मुद्दा शामिल नहीं किया है। हाल ही में सुरक्षा परिषद ने इस मामले पर चर्चा की थी। दूसरा इसके बाद सुरक्षा परिषद के किसी सदस्य ने ऐसी किसी मीटिंग की मांग नहीं की है।”
अनुच्छेद 370 हटाने से भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ा तनाव
5 अगस्त को भारत सरकार ने जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 और 35ए को निष्प्रभावी कर दिया था। इसके बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव पैदा हुआ। पाकिस्तान ने इस मामले को यूएनएससी में रखा, जहां चीन और तुर्की को छोड़कर किसी देश ने इस मामले पर उसका साथ नहीं दिया।
दूसरी तरफ भारत दुनिया के सामने पहले ही यह स्पष्ट कर चुका है कि कश्मीर का मामला पूरी तरह से भारत और पाकिस्तान का द्विपक्षीय मुद्दा है। इसमें किसी दूसरे देश की मध्यस्थता की जरूरत नहीं है।
सुरक्षा परिषद में कश्मीर मुद्दे पर चर्चा नहीं होगी, दुनिया में कई तरह के मसले चल रहे हैं: यूएन

