सूरत: तीन तलाक का मुद्दा पिछले काफी समय से गरमाया हुआ है। एक ओर जहां विपक्ष के कड़े विरोध के बावजूद गुरुवार को लोकसभा में तीन तलाक बिल पास हो गया। वहीं गुजरात के सूरत में तीन तलाक एक नया मामला सामने आया है। यहां एक पति ने साइकिल रिक्शा खरीदने के लिए 40,000 रूपये की मांग की लेकिन, जब उसे पैसे नहीं मिले तो उसने 23 वर्षीय पत्नी को तीन तलाक दे दिया।
दरअसल, पत्नी का आरोप है कि उसके पति ने उससे अपने पिता ने पैसे मांगने के लिए कहा था जब उसने ऐसे नहीं किया तो पति ने उसे तलाक दे दिया। पत्नी की मांग है कि उसे न्याय मिले और उसके पति को सजा। फिलहाल, एसीपी स्पेशल ब्रांच ने कहा है कि मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।
लोकसभा में तीसरी बार तीन तलाक बिल पास
जानकारी के लिए बता दें कि गुरुवार को लोकसभा में तीसरी बार तीन तलाक बिल पास हुआ है। बिल में तीन तलाक देने वाले पतियों को तीन साल तक की कैद की सजा का प्रावधान है। अभी ये प्रावधान अध्यादेश के जरिए लागू हैं। वैसे तो बिल ध्वनि मत से पास हुआ लेकिन सजा का प्रावधान 78 के मुकाबले 302 मतों से पारित हुआ। अब यदि यह बिल राज्यसभा से भी पारित हो जाता है तो उस अध्यादेश की जगह लेगा।
गौरतलब है कि लोकसभा से पहली बार यह बिल 28 दिसंबर, 2017 तथा दूसरी बार 27 दिसंबर, 2018 में पास हो चुका है लेकिन राज्यसभा से पारित नहीं हो सका। इस बार भी राज्यसभा में बिल पास कराना सरकार के लिए एक बड़ी चुनौती है।
ससुराल वालों ने नहीं दिए 40,000 रुपये तो पति ने दिया तीन तलाक

