सना: यमन की राजधानी सना समेत देश के के ज्यादातर हिस्सों पर कब्जा करने वाले हाउती विद्रोहियों ने दावा किया है कि उन्होंने सऊदी अरब की 20 से ज्यादा सैन्य चौकियों पर कब्जा कर लिया है। ये सैन्य चौकियां यमन की सीमा से लगे सऊदी अरब के दक्षिण-पश्चिमी प्रांत नजरान में हैं।
यमन की न्यूज एजेंसी सबा ने हाउती प्रवक्ता याहया सराय के हवाले से बुधवार को बताया कि पिछले तीन दिनों के दौरान चलाए गए अभियान में सैन्य चौकियों पर कब्जा किया गया। प्रवक्ता ने कहा, ‘इस अभियान के दौरान सऊदी सेना के 200 सैनिक मारे गए या घायल हुए। इसके वीडियो फुटेज भी हमारे पास हैं। हम इसका बाद में प्रसारण करेंगे।’
यमन में साल 2015 से गृहयुद्ध छिड़ा है। इसमें दस हजार से ज्यादा लोग मारे जा चुके हैं। यमन के राष्ट्रपति अब्द रब्बू मंसूर हादी की सरकार सऊदी अरब के नेतृत्व वाली गठबंधन सेना की मदद से हाउती विद्रोहियों से संघर्ष कर रही है।
सऊदी अरब का विरोधी ईरान हाउती विद्रोहियों का समर्थन करता है। माना जा रहा है कि हालिया हमलों से इस अशांत क्षेत्र में हालात और बिगड़ सकते हैं।

