कोलकाता:बीजेपी पर पश्चिम बंगाल में हिंसा भड़काने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुरुवार को कहा कि अब सूबे में बीजेपी के विजय जुलूसों को इजाजत नहीं दी जाएगी। उन्होंने पुलिस से कहा है कि इसका उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करे।
नॉर्थ 24 परगना जिले के निमता में मारे गए टीएमसी नेता के घर का दौरा करने पहुंची ममता ने कहा, ‘मेरे पास सूचनाएं हैं कि बीजेपी ने विजय जुलूसों के नाम पर हुगली, बांकुरा, पुरुलिया और मिदनापुर जिलों में अव्यवस्था फैलाई है। अब से एक भी विजय जुलूस नहीं निकलेगा।’
बनर्जी ने आगे कहा कि अब एक भी विजय जुलूस नहीं निकलनी चाहिए क्योंकि लोकसभा चुनाव के नतीजों का ऐलान हुए 10 से ज्यादा दिन हो गए हैं। उन्होंने कहा, ‘अगर कोई नेता राज्य में दंगों जैसी स्थिति पैदा करने की कोशिश करेगा तो मैंने पुलिस को कानून के हिसाब से कार्रवाई करने और स्थिति बिगड़ने से रोकने के लिए कड़े ऐक्शन लेने को कह दिया है।’
ममता बनर्जी ने बंगाल में बीजेपी के विजय जुलूसों पर लगाया प्रतिबंध

