पेरिस:भारत की पीवी सिंधु और सायना नेहवाल ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए यहां गुरुवार को फ्रेंच ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया। वर्ल्ड नंबर-6 सिंधु ने महिला एकल के प्री-क्वार्टर फाइनल में वर्ल्ड नंबर-26 सिंगापुर की येओ जिया मिन को 34 मिनट तक चले मुकाबले में 21-10, 21-13 से हराकर क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की की।
सिंधु करियर में पहली बार मिन के खिलाफ कोर्ट पर उतरी थीं। आठवीं सीड सायना ने अपने दूसरे मुकाबले में डेनमार्क की लाइन होजमार्क कैजर्सफेल्ट को सीधे गेमों में 21-10, 21-11 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।
पहले मैच में संघर्षपूर्ण जीत दर्ज करने वाली सायना ने दूसरे मैच में 27 मिनट में ही डेनमार्क की खिलाड़ी को शिकस्त दे दी। वर्ल्ड नंबर-9 सायना की कैजर्सफेल्ट के खिलाफ करियर के चार मैचों में यह लगातार चौथी जीत है।
क्वार्टर फाइनल में सायना का सामना एन से युंग से होगा, जिनके खिलाफ भारतीय खिलाड़ी पहली बार कोर्ट पर उतरेंगी।
युगल वर्ग में सात्विकसाइराज रेंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की पुरुष युगल जोड़ी ने प्री-क्वार्टर फाइनल में दूसरी सीड इंडोनेशिया के मोहम्मद एहसान और हेंड्रा सेत्यिवान की जोड़ी को 21-18, 18-21, 21-13 से मात देकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।
क्वार्टर फाइनल में रेंकीरेड्डी और शेट्टी की जोड़ी का सामना डेनमार्क के किम एस्तरूप और एंडर्स रासमेसन की जोड़ी से होगा।

