बुडापेस्ट:अचंत शरत कमल और जी साथियान की भारत की पुरुष युगल जोड़ी को यहां आईटीटीएफ विश्व टूर हंगरी ओपन के फाइनल में बेनेडिक्ट डुडा और पैट्रिक फ्रांजिस्का की जर्मनी की जोड़ी के खिलाफ हार के साथ रजत पदक से संतोष करना पड़ा। शनिवार को हुए मुकाबले में भारतीय जोड़ी को कड़ी चुनौती पेश करने के बावजूद 16वीं वरीय जोड़ी के खिलाफ 30 मिनट में 5-11 9-11 11-8 9-11 से हार का सामना करना पड़ा।
इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में शरत कमल का यह दूसरा पदक है। इससे पहले उन्होंने मनिका बत्रा के साथ मिलकर मिश्रित युगल में कांस्य पदक जीता था। पहली बार अंतरराष्ट्रीय टेबल टेनिस महासंघ (आईटीटीएफ) की जूनियर सर्किट में भाग ले रही युवा टेबल टेनिस खिलाड़ी माथन राजन हंसिनी ने स्वीडन के ओरेबो में समाप्त हुए स्वेडिश जूनियर एंड कैडेट ओपन में कांस्य पदक अपने नाम कर लिया।
10 साल की पांचवीं कक्षा की छात्रा हंसिनी को सेमीफाइनल में रूस की लूलिया पुगोवकिना के खिलाफ 12-10, 9-11, 5-11, 8-11 से हार झेलनी पड़ी। इस बीच, कैडेट गर्ल्स सिंगल वर्ग में एक और भारतीय सुहाना सैनी ने अंतिम-16 में प्रवेश कर लिया, जबकि कैडेट ब्वायज सिंगल वर्ग में सुरेश राज प्रयेश भी प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंचने में सफल रहे।
इससे पहले उन्होंने अंतिम-16 में में रूस की अलेक्जेंद्रे बोकोवा को 12-10, 9-11, 9-11, 3-11 से और क्वार्टर फाइनल में अमेरिका की इशा बाजपेयी को 11-3, 12-10, 11-9 से सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की की थी।

