अभिनेत्री शालिनी पांडे ने दिग्गज अभिनेत्री शबाना आजमी के जन्मदिन को एक खास और भावुक अंदाज में सेलिब्रेट करते हुए अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर शबाना आजमी के साथ एक तस्वीर साझा की है। तस्वीर के साथ उन्होंने एक प्यारा सा नोट भी लिखा है, जिसमें उन्होंने शबाना आज़मी को “सबसे कूल इंसान” बताते हुए कहा कि वह उनके साथ किसी भी विषय पर खुलकर बात कर सकती हैं, खूब मस्ती कर सकती हैं और उनसे हमेशा प्रेरणा भी लेती हैं।
शालिनी ने अपने नोट में लिखा है, “हैप्पीएस्ट बर्थडे टू द कूलेस्ट पर्सन! एक ऐसी शख्सियत, जिनसे मैं किसी भी बात और हर चीज के बारे में बात कर सकती हूं, जिनके साथ सबसे ज्यादा मस्ती कर सकती हूं और जिन्हें हमेशा बेहद सम्मान और प्यार से देखती हूं। आपकी खूबसूरत, जिज्ञासु और बचपन जैसी मासूमियत के लिए मैं बेहद आभारी हूं। आप तो सनशाइन हैं। हमेशा और हमेशा आपसे प्यार रहेगा।”
शालिनी के इन शब्दों से शबाना आजमी के प्रति उनकी गहरी प्रशंसा और आत्मीयता साफ झलक रही है। यह संदेश सिर्फ एक जन्मदिन की शुभकामना नहीं, बल्कि उनके बीच साझा किए जाने वाले एक खूबसूरत रिश्ते की झलक भी दे रही है।
गौरतलब है कि दोनों अभिनेत्रियां ‘डब्बा कार्टेल’ के जरिए भी एक खास स्क्रीन कनेक्शन साझा कर चुकी हैं। जहां शबाना आजमी ने अपने दशकों लंबे शानदार करियर और अनुभव के साथ सीरीज में अपनी मौजूदगी दर्ज कराई थी, वहीं शालिनी पांडे नई पीढ़ी की प्रतिभाशाली कलाकार के तौर पर नजर आई थीं। ऐसे में दोनों पीढ़ियों की यह मुलाकात सीरीज को और दिलचस्प बनाती है। हालांकि कैमरे के सामने तो उनकी बॉन्डिंग शानदार थी ही, लेकिन कैमरे के पीछे भी यह बॉन्डिंग उतनी ही ज़बर्दस्त है। फिलहाल शबाना आज़मी के जन्मदिन पर शालिनी का यह प्यारा सा नोट एक बेहतरीन कलाकार का जश्न मनाने के साथ-साथ उस इंसान के प्रति उनके प्यार और सम्मान को भी दर्शाता है, जिसे वह बेहद करीब से जानती हैं और दिल से चाहती हैं।

