अक्षय ओबेरॉय और हेली दारूवाला स्टारर फिल्म ‘लव लॉटरी’ की सिनेमाघरों में रिलीज एक हफ्ते के लिए आगे बढ़ा दी गई है। फिल्म को सेंसर सर्टिफिकेट मिलने में हुई देरी के चलते, 18 सितंबर को रिलीज होने वाली यह सस्पेंस थ्रिलर सोशल ड्रामा अब 25 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।
कुलदीप भार्गव ‘तुषार’ द्वारा सिनेमा-गंज फिल्म्स के बैनर तले निर्मित और अरविंद पांडे द्वारा निर्देशित ‘लव लॉटरी’ अपने अलग विषय और कहानी को लेकर चर्चा में है। फिल्म आधुनिक रिश्तों, शादी, धोखे और रिश्तों से जुड़े कानूनी विवादों की परतों को सामने लाती है। कहानी में पुरुषों के अधिकारों के मुद्दे को भी अहम जगह दी गई है और इसे सस्पेंस, कोर्टरूम ड्रामा और सोशल कमेंट्री के साथ पेश किया गया है।
फिल्म में अक्षय ओबेरॉय और हेली दारूवाला मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। उनके साथ कबीर दुहान सिंह, विजयंत कोहली, हेमंत पांडे, इंदिरा कृष्णन, संतोष शुक्ला, विक्रम शर्मा, अग्नि अयगरी, कुमार सौरभ, अश्वंत लोढ़ी और अर्शदीप संधू अहम भूमिकाओं में हैं।
फिल्म की कहानी और स्क्रीनप्ले अंकुर खत्री ने लिखा है। सिनेमैटोग्राफी नवीन वी. मिश्रा ने संभाली है, जबकि फिल्म का संगीत वरुण मिश्रा और अरविंद पांडे ने तैयार किया है। फिल्म का संपादन प्रकाश झा ने किया है।
‘लव लॉटरी’ सिर्फ एक रिश्ते या कोर्टरूम विवाद की कहानी तक सीमित नहीं है, बल्कि शादी, भरोसा, धोखा, गुजारा भत्ता (Alimony) और वैवाहिक विवादों से जुड़े सामाजिक और कानूनी पहलुओं को भी सामने लाने की कोशिश करती है। फिल्म पुरुषों के अधिकारों और रिश्तों में अधिकारों के संतुलन जैसे मुद्दों पर भी दर्शकों को सोचने का मौका देती है।
अब 25 सितंबर की नई रिलीज डेट के साथ मेकर्स फिल्म को बड़े पर्दे पर लाने की तैयारी में जुट गए हैं। सस्पेंस, कोर्टरूम ड्रामा और सामाजिक मुद्दे के मेल के साथ ‘लव लॉटरी’ से दर्शकों को एक अलग तरह की कहानी देखने को मिलेगी।
सेंसर सर्टिफिकेट में देरी के चलते ‘लव लॉटरी’ की रिलीज टली, अब 25 सितंबर को सिनेमाघरों में आएगी फिल्म

