पटना: लोकसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी आज बिहार के पूर्णिया जिले के रंगभूमि मैदान पहुंचे हैं जहां उन्होंने मंच से पीएम मोदी पर तंज कसते हुए कहा कि 2014 में आपने गरीबों के खाते में 15 लाख डालने का आश्वासन दिया था और अब कहते हैं कि सब चौकीदार हैं। मैं तो आपसे पूछना चाहता हूं कि आप कैसे चौकीदार हैं? चौकीदार तो अमीरों के घर में होते हैं।
हर दिन हो रही चोरी, लोग लुटते हुए देख रहे
राहुल ने आगे कहा कि पीएम ने मित्रों के जेब से पैसा निकालकर भाई को दे दिया। बिहार के लोग बतायें कि कितने बेरोजगारों को उन्होंने रोजगार दिया है। पीएम मोदी बताएं कि उन्होंने किसानों के लिए क्या किया? राहुल ने सभा में मौजूद महिलाओं से कहा कि पीएम मोदी ने आपके घर में घुसकर पैसा निकाल लिया। हर दिन चोरी हो रही, कब तक इस तरह अपनी कमाई लुटते हुए बिहार के लोग देखते रहेंगे?
पीएम आएं तो पूछना-झूठे वादों का हिसाब दो
जिसदिन हमारी राजस्थान, एमपी में सरकार बनी उसके दस दिनों के भीतर ही हमने किसानों का कर्जा माफ़ किया, हम जो कहते हैं वो करते हैं। उनका काम चोरी करने का है और हमारा काम मजदूरी करने का। अब जब पीएम आयें तो उनसे पूछना कि झूठे वादे क्यों किये?
पांच साल से फ्लॉप पिक्चर चल रही है
उन्होंने कहा कि अगर मेरी सरकार बनी तो कम आय वालों के खाते में सीधा पैसा खाते में जाएगा। मैं एेसा नहीं कि 56 इंच का सीना बताने वालों की तरह वादा करूं, उन्होंने वादा किया था रोजगार देगें, कहां है रोजगार? पांच साल से फ्लॉप पिक्चर चलती रही और जनता बेवकूफ बनती रही।
मीडिया भी डरती है, अब डरने की जरूरत नहीं
राहुल ने मीडिया पर भी साधा निशाना और कहा कि आपलोग भी सच कहने से डरते हैं, मैं समझ रहा हूं कि क्या हर है? मगर अब आपको डरने की जरुरत नहीं है।
किसानों की हालत बदलना चाहते हैं
राहुल गांधी ने कहा कि हम चाहते हैं पूर्णिया का मखाना, आलू, टमाटर और सब्जी दुनिया खाए, किसानों को सही दाम मिले, आपके खेत के पास कारखाना लगे और किसानों को ज्यादा-से-ज्यादा आमदनी हो और पीएम मोदी चाह रहे किसानों का सस्ता आलू 15 रुपये किलो बिके।
बता दें कि लोकसभा चुनाव की घोषणा के बाद राहुल गांधी की बिहार में यह पहली जनसभा है। राहुल गांधी के पूर्णिया पहुंचने पर कांग्रेस नेताओं ने उनका स्वागत किया। पूर्णिया में जनसभा को संबोधित करने के बाद राहुल गांधी पश्चिम बंगाल के लिए रवाना हो गए।
महागठबंधन ने शुक्रवार को ही अपनी सीटों का एेलान किया है और इसके साथ ही प्रथम चरण के मतदान के लिए प्रत्याशियों की भी घोषणा की है।
पिछली बार भी महागठबंधन के हिस्से रहा था सीमांचल क्षेत्र
लोकसभा चुनाव के लिए पूर्णिया में दूसरे चरण के लिए 18 अप्रैल को मतदान होना है और इसी क्रम में आज राहुल गांधी चुनावी जनसभा को संबोधित किया, जिसमें वो बिहार की और केंद्र की एनडीए सरकार पर जमकर निशाना साधा। बता दें कि सीमांचल का इलाका पिछले लोकसभा चुनाव में मोदी लहर के बाद भी महागठबंधन के पक्ष में रहा था।
चाक-चौबंद रही सुरक्षा व्यवस्था
पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के आगमन को लेकर शहर के साथ-साथ रंगभूमि मैदान में चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। उन्होंने पूरे सीमांचल में महागठबंधन के पक्ष में माहौल बनाते हुए कांग्रेस के पक्ष में मतदान की अपील की।
राहुल गांधी की इस जनसभा में उनके साथ अहमद पटेल, बिहार के प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा, बिहार चुनाव अभियान कमेटी के अध्यक्ष अखिलेश सिंह, कौकब कादरी, बज्रेश पांडेय के साथ-साथ केंद्र ओर राज्य के कई दिग्गज नेताओं ने भाग लिया।
सीमांचल की धरती से राहुल गांधी की हुंकार-चौकीदार तो अमीरों के घर में होते हैं

