नई दिल्ली:उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ गुरूवार को मुलाकात की। योगी और पीएम मोदी की मुलाकात बुलंदशहर हिंसा के बाद हुई है जो गोकशी के बाद शुरू हुई और देखते हुए देखते स्थिति ऐसी बेकाबू हुई कि इसमें एक पुलिस इंस्पेक्टर समेत दो की जान चली गई।
जब सरकार के एक प्रवक्ता से यह पूछा गया कि क्या बुलंदशहर हिंसा के बारे में भी इस बैठक में चर्चा होनी है, इसके जवाब में उन्होंने कहा- “यह मेरी जानकारी में नहीं है, बैठक पहले से ही निर्धारित थी।”
प्रवक्ता ने बताया- “मुख्यमंत्री ने पीएम मोदी को गोरखपुर समेत राज्य में होने जा रहे कई कार्यक्रमों के लिए उन्हें आमंत्रण दिया है। ऐसी उम्मीद है कि राष्ट्रपति गोरखपुर के कार्यक्रम के दौरान 9 और 10 दिसंबर को वहां पर मौजूद रहेंगे।”
बुलंदशहर हिंसा को जिस तरह संभाला गया उसको लेकर योगी सरकार विपक्ष के निशाने पर है। मॉब हमले के मुख्य आरोपी और बजरंग दल कार्यकर्ता योगेश राज अभी तक फरार है और उसने बुधवार को एक वीडियो जारी करते हुए खुद को निर्दोष बताया। साथ ही, उसने बताया कि उस वक्त वह घटनास्थल पर ही नहीं था।
सीएम योगी ने की पीएम मोदी के साथ मुलाकात, बुलंदशहर हिंसा के बाद हुई पहली बैठक

