नेशनल डेस्क, नयी दिल्ली। पहलगाम आतंकवादी हमले और उसके बाद के घटनाक्रम पर संसद का विशेष सत्र बुलाने की मांग कर रही कांग्रेस ने भाजपा के निशिकांत दुबे की टिप्पणी पर करार पलटवार किया है।
कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने सोशल मीडिया एक्स पर कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने भी 1962 की जंग के बाद देश को जवाब देने के लिए संसद का विशेष सत्र बुलाने की मांग की थी। उन्होंने सवाल किया कि संसद सत्र बुलाने की मांग देश की सेना की किरकिरी करने के लिए है, तो क्या श्री वाजपेयी ने भी सेना की किरकिरी करने के लिए यह मांग की थी।
इन महाशय से पूछिये कि 1962 में बीच जंग के अटल बिहारी वाजपेयी ने नेहरू सरकार से संसद के विशेष सत्र की माँग की तो क्या अटल जी भारतीय सेना की किरकिरी के लिए यह माँग कर रहे थे? pic.twitter.com/2Xu4ix57qx
— Pawan Khera 🇮🇳 (@Pawankhera) May 12, 2025
उल्लेखनीय है कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चिट्ठी लिखकर संसद का विशेष सत्र बुलाने की मांग की है। उन्होंने सीजफायर के बाद पिछले सारे घटनाक्रम पर सामूहिक चर्चा को जरूरी बताया है। उन्होंने लिखा है कि भारत के प्रधानमंत्री माननीय नरेन्द्र मोदी जी, मैं विपक्ष के सर्वसम्मति से किए गए अनुरोध को दोहराता हूं कि संसद का विशेष सत्र तुरंत बुलाया जाए।
जिस पर ट्वीट करते हुए भाजपा के नेता निशिकांत दुबे ने लिखा था – “संसद का सत्र बुलाइए, सभी विपक्षी सरकार को गाली दीजिए, पाकिस्तानी मीडिया में भारतीय सेना की किरकिरी करवाइए और आतंकवादी पाकिस्तान को अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत के ख़िलाफ़ ज़हर उगलने का मसाला दीजिए । राजनीति करनी है, देश जाए भांड में”। अब इन्हीं के ट्वीट का स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए पवन खेड़ा ने जवाब दिया है।
संसद का सत्र बुलाइए, सभी विपक्षी सरकार को गाली दीजिए, पाकिस्तानी मीडिया में भारतीय सेना की किरकिरी करवाइए और आतंकवादी पाकिस्तान को अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत के ख़िलाफ़ ज़हर उगलने का मसाला दीजिए । राजनीति करनी है, देश जाए भांड में
— Dr Nishikant Dubey (@nishikant_dubey) May 11, 2025

