नई दिल्ली: श्रीलंका के पूर्व कप्तान कुमार संगकारा के नाम एक बड़ी उपलब्धि जुड़ गई है. संगकारा मैरीलेबोन क्रिकेट क्लब का अध्यक्ष बनाया गया है. संगकारा की यह उपलब्धि इस लिहाज से बहुत अहम है कि वे एमसीसी के 233 साल के इतिहास में पहले गैर ब्रिटिश अध्यक्ष होंगे. संगकारा पहले से ही एमसीसी के सदस्य हैं.
इससे पहले इस पद के लिए इंग्लैंड के कई खिलाड़ी जैसे माइक गैटिंग, टेड डेक्सटर, डेरेक अंडरवुड, माइक ब्रियरली, और गबी एलन एमसीसी के अध्यक्ष बनने का गौरव हासिल कर चुके हैं. संगकारा इस साल एक अक्टूबर को ही यह पद अगले एक साल के लिए संभालेंगे. संगकारा ने साल 2017 में ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लिया था. संगकारा पहले विदेशी अध्यक्ष होंगे.
यह कहा संगकारा ने
संगकारा ने इस घोषणा पर प्रतिक्रिया करते हुए कहा कि यह उनके लिए एक बड़े सम्मान की बात है कि उनका नाम एमसीसी के अगले अध्यक्ष पद के लिए चुना गया है. उन्होंने कहा कि वे इस भूमिका के लिए बहुत उत्साहित हैं. उन्होंने कहा, “मेरे लिए एमसीसी दुनिया के सबसे महान क्रिकेट क्लब है. उसकी क्रिकेट के हर पहलू, चाहे मैदान में हो या बाहर, तक पहुंच हैं और क्रिकेट की उन्नति में उसकी बड़ी भूमिका है. व्रेफोर्ड ने संगकारा की तारीफ करते हुए कहा कि वे मैदान और बाहर दोनों जगह एक बेहतरीन इंसान हैं और क्लब में एक बड़ा योगदान देंगे. विश्व कप और एशेज वाले साल में वे बतौर अध्यक्ष अहम भूमिका निभाएंगे.
एंथनी व्रेफोर्ड ने की घोषणा
एमसीसी की वार्षिक आम बैठक में बुधवार को संगकारा के नाम का ऐलान क्लब के वर्तमान अध्यक्ष एंथनी व्रेफोर्ड ने की. उन्होंने कहा कि क्लब अपनी अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा और दायरे को बढ़ाना चाहता है. उन्होंने कहा, “मुझे खुशी है कि कुमार ने हमारे न्यौते को स्वीकार किया है. संगकारा को इसी साल जनवरी में ही अगले अध्यक्ष के पद लिए प्रस्ताव भेजा गया था.
18वीं सदी से है यह क्लब अस्तित्व में
इंग्लैंड का सबसे प्रतिष्ठित क्रिकेट ग्राउंड लॉर्ड्स एमसीसी क्लब के ही अधीन है. क्लब क्रिकेट के नियमों और कानूनों का संरक्षक भी माना जाता है. 1787 में शुरू हुए इस क्लब में अब तक 168 अध्यक्ष बन चुके हैं. अब तक शाही परिवार का एक सदस्य, 13 नाइट (knight) छह बेरोनेट्स इसके अध्यक्ष बन चुके हैं, लेकिन अभी तक कोई विदेशी इसका अध्यक्ष नहीं बन सका था.
संगकारा को मिला इंग्लैंड में क्रिकेट का यह सम्मानित पद

