राजकुमार गौतम/बस्ती (यूपी): जिले के बभनान बाजार में इन दिनों सांड़ का आतंक चरम पर है। बताया जा रहा है कि बुजुर्ग रिटायर रेल कर्मचारी संतराम को सांड़ ने दौड़ा-दौड़ा कर मार डाला। इस घटना के बाद पूरे बभनान में दहशत का माहौल है। इस पर जिलाधिकारी राजशेखर ने भी दिशा-निर्देश दिए, बावजूद साड़ों का आतंक जारी है। बताया जा रहा है कि नगर पंचायत बभनान के गैरजिम्मेदार कर्मचारियों की लापरवाही की वजह से बुजुर्ग को अपनी जान गंवानी पड़ी। मौत से नाराज परिजनों ने गोंडा-बस्ती मार्ग बभनान कस्बे में कई घंटे जाम किया।
उल्लेखनीय है कि शासन के निर्देश के बावजूद भी छुट्टे पशु खुलेआम बाजारों में घूम रहे है। नगर पंचायत के अधिकारी व कर्मचारी छुट्टा पशुओं को पकड़ने में आनाकानी कर रहे हैं। परिजनों ने आरोप लगाया कि अगर नगर पंचायत बभनान के कर्मचारियों द्वारा सांड को पकड़ लिया गया होता तो शायद आज रिटायर कर्मचारी संतराम की जान सांड नहीं ले पाता। आए दिन पूरे कस्बे में सांपों का आतंक रहता है। बभनान कस्बे के लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि जब हम लोग कस्बे में बने हॉस्पिटल पर इलाज के लिए लेकर गए तो वहां तो देखा अस्पताल में ताला लगा हुआ था। अस्पताल पर न तो एंबुलेंस की सुविधा है और न ही डॉक्टर यहां रहते हैं। अगर सही समय पर इलाज हो जाता तो शायद रिटायर कर्मचारी संतराम की जान बच जाती। मोहल्ले वासियों ने बताया कि आए दिन सांड लोगों को दौड़ा-दौड़ा कर मारता है। सांड़ कई लोगों को लहू-लुहान कर चुका है तथा अब एक बुजुर्ग की जान भी चली गई लेकिन नगर पंचायत के अधिकारी कर्मचारी इन छुट्टा पशुओं को पकड़ नहीं रहे हैं। घटना के बाद जब कई घंटों तक बस्ती गोंडा मार्ग जाम रहा तब उपजिलाधिकारी हर्रैया के आश्वासन पर जाम खोला गया मौके पर पुलिस लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

