लंदन:क्रिकेट का मक्का कहे जाने वाले ऐतिहासिक लॉर्ड्स के मैदान पर इंग्लैंड ने अपना पहला विश्व कप खिताब जीता। फाइनल भी ऐतिहासिक रहा। विश्वकप में पहली बार कोई खिताबी मुकाबला सुपर ओवर में पहुंचा। यह भी पहली बार ही हुआ कि मैच और सुपर ओवर दोनों टाई रहे। सुपर ओवर में इंग्लैंड ने 15 रन बनाए। न्यूजीलैंड ने इस लक्ष्य की बराबरी तो कर ली, लेकिन जीत के लिए जरूरी एक रन बनाने से चूक गया। इंग्लैंड ने पूरे मैच में 26 बाउंड्री लगाईं और न्यूजीलैंड ने 17 बाउंड्री। ज्यादा बाउंड्री लगाने वाले इंग्लैंड को विजेता घोषित किया गया।
इससे पहले न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की। 50 ओवर में 8 विकेट पर 241 रन बनाए। इंग्लैंड की टीम भी 50 ओवर में 241 रन ही बना सकी। मैच का फैसला सुपर ओवर में हुआ। नाबाद 84 रन बनाने वाले बेन स्टोक्स प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए।
सुपर ओवर इंग्लैंड की बैटिंग
| पहली गेंद | स्टोक्स ने 3 रन लिए |
| दूसरी गेंद | बटलर ने 1 रन लिया |
| तीसरी गेंद | स्टोक्स ने चौका लगाया |
| चौथी गेंद | स्टोक्स ने 1 रन लिया |
| पांचवीं गेंद | बटलर ने 2 रन लिए |
| छठी गेंद | बटलर ने चौका लगाया |
स्टोक्स 84 रन बनाकर नाबाद रहे
स्टोक्स और जोस बटलर ने पांचवें विकेट के लिए शतकीय साझेदारी की। स्टोक्स ने नाबाद 84 रन बनाए। बटलर 59 रन बनाकर आउट हुए। जॉनी बेयरस्टो 36 रन बनाकर फर्गुसन की गेंद पर आउट हुए। कप्तान इयॉन मॉर्गन 9 रन बनाकर पवेलियन लौटे। जेम्स नीशम की गेंद पर लॉकी फर्गुसन ने उनका कैच लिया। जेसन रॉय 17 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें मैट हेनरी ने टॉम लाथम के हाथों कैच आउट कराया। जो रूट 7 रन बनाकर ग्रैंडहोम की गेंद पर आउट हो गए।
निकोलस ने करियर का 9वां अर्धशतक लगाया
टॉस जीतकर न्यूजीलैंड ने 50 ओवर में 8 विकेट पर 241 रन बनाए। उसके लिए हेनरी निकोलस ने 55 और टॉम लाथम ने 47 रन की पारी खेली। इंग्लैंड के लिए लियम प्लंकेट और क्रिस वोक्स ने 3-3 विकेट लिए। निकोलस ने वर्ल्ड कप में अपना पहला और करियर का 9वां अर्धशतक लगाया।
विलियम्सन और निकोलस ने अर्धशतकीय साझेदारी की
केन विलियम्सन 30 रन बनाकर आउट हो गए। उन्हें लियम प्लंकेट ने विकेटकीपर जोस बटलर के हाथों कैच कराया। विलियम्सन ने निकोलस के साथ दूसरे विकेट के लिए 74 रन की साझेदारी की। रॉस टेलर 15 रन बनाकर मार्क वुड की गेंद पर एलबीडब्ल्यू आउट हो गए। जेम्स नीशम 19 रन बनाकर प्लंकेट की गेंद पर जो रूट को कैच थमा बैठे। कॉलिन डी ग्रैंडहोम 16 रन बनाकर क्रिस वोक्स की गेंद पर आउट हुए।
गुप्टिल लगातार 9वीं पारी में अर्धशतक नहीं लगा सके
न्यूजीलैंड ने पहला विकेट मार्टिन गुप्टिल (19 रन) का खोया। उन्हें क्रिस वोक्स ने एलबीडब्ल्यू आउट किया। गुप्टिल लगातार 9वीं पारी में अर्धशतक लगाने में नाकाम रहे। उन्होंने पिछला अर्धशतक श्रीलंका के खिलाफ इसी वर्ल्ड कप में लगाया था।

