बस्ती। जनपद बस्ती के थाना कप्तानगंज क्षेत्र अंतर्गत एकटेकवा के बगल ढोणरहवाघाट स्थित रवई नदी में शुक्रवार देर रात एक व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही दुबौला चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक विवेकानंद तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की सहायता से शव को नदी से बाहर निकलवाया। पुलिस द्वारा शव की पहचान चंद्रभान उर्फ डिगुर (45 वर्ष) पुत्र पुरई निवासी ग्राम बघौड़ा, थाना कप्तानगंज, जनपद बस्ती के रूप में कराई गई। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। शव मिलने की खबर से गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल व्याप्त हो गया।
ग्रामीणों एवं परिजनों के अनुसार मृतक मजदूरी का कार्य करता था तथा अत्यधिक नशा करने का आदी था। पुलिस प्रारंभिक जांच के आधार पर मामले की जांच कर रही है। सूचना पर थाना अध्यक्ष कप्तानगंज भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूर्ण करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस द्वारा अन्य विधिक कार्रवाई नियमानुसार की जा रही है। घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुटी रही, हालांकि पुलिस की मौजूदगी में क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी रही।
रवई नदी एकटेकवा के बगल ढोणरहवाघाट में मिला मजदूर का शव, पुलिस जांच में जुटी

