विशाखापट्टनम:भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीन मैचों की सीरीज का पहला टेस्ट मैच विशाखापट्टनम में खेला जा रहा है। इस मैच में रोहित शर्मा पहली बार सलामी बल्लेबाज के तौर पर खेलने उतरे हैं। रोहित शर्मा ने एक ऐसा अनोखा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है, जो इससे पहले कोई भी भारतीय सलामी बल्लेबाज नहीं कर सका है। सलामी बल्लेबाज के तौर पर आगाज करते हुए पहली ही पारी में पांच छक्के जड़ने वाले रोहित इकलौते भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं।
रोहित 115 रन बनाकर फिलहाल नॉटआउट लौटे हैं। रोहित शर्मा ने 174 गेंद पर 115 रन बनाए हैं और इस दौरान पांच छक्के और 12 चौके जड़ चुके हैं। बारिश के चलते मैच के पहले दिन महज 59.1 ओवर का ही मैच हो सका। टी ब्रेक से कुछ देर पहले बारिश शुरू हुई और उसके बाद मैच खेला ही नहीं जा सका। भारत ने टॉस जीता और कप्तान विराट कोहली ने पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। भारत के लिए पारी का आगाज रोहित शर्मा और मयंक अग्रवाल ने किया।
ये पहला मौका था जब रोहित टेस्ट क्रिकेट में सलामी बल्लेबाज के तौर पर खेलने उतरे और उन्होंने अपने खेल से टीम मैनेजमेंट के इस फैसले को सही भी साबित किया। दक्षिण अफ्रीका गेंदबाजों को पहले दिन कोई विकेट नहीं मिला। इस पारी को तोड़ने के लिए दक्षिण अफ्रीका कप्तान फैफ डु प्लेसी ने पांचों गेंदबाज का इस्तेमाल किया, लेकिन कोई भी इन दोनों में से किसी को आउट नहीं कर सका।
रोहित शर्मा ने टेस्ट में भी छक्कों का एकदम अनोखा रिकॉर्ड बनाया

