रांची:जेल प्रशासन सोमवार को रिम्स में इलाजरत कैदी लालू यादव के पेइंग वार्ड के कमरे की सुरक्षा का जायजा लेने पहुंचा। कमरे का निरीक्षण करने के बाद जेल प्रशासन ने लालू के कमरे की खिड़की को असुरक्षित बताया। इस निरीक्षण के बाद सुरक्षा के दृष्टिकोण से लालू का कमरा बदला जा सकता है।
रिम्स के पेइंग वार्ड में चार महीने से भर्ती लालू यादव के सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने जेल एआईजी दीपक विद्यार्थी, जेल अधीक्षक अशोक चौधरी और सदर डीएसपी दीपक पांडेय रिम्स पहुंचे थे। चिकित्सा अधीक्षक डॉ विवेक कश्यप के साथ पेइंग वार्ड जाकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने कमरे को लालू के लिए असुरक्षित बताया। रिम्स के चिकित्सा अधीक्षक डॉ विवेक कश्यप ने बताया कि लालू को पेइंग वार्ड के ही दूसरे तल्ले में शिफ्ट करने की बात चल रही है।
सुरक्षा की दृष्टिकोण से वर्तमान कमरे की खिड़की एक्सपोज है। लालू प्रसाद की सेहत के बारे में डॉक्टरों ने कहा कि उनका यूरिन इन्फेक्शन फिर से बढ़ गया है। उन्हें एंटीबायोटिक दवाइयां दी जा रही है।

