नई दिल्ली:पीएम मोदी ने गांधी परिवार पर बड़ा हमला बोलते हुए कहा कि यह एक तथ्य है कि जो परिवार को पहले मानते हैं, जिन्होंने 4 पीढ़ियों तक देश चलाया, जो जमानत पर बाहर है और वो भी वित्तीय अनियमितताओं के मामले में, यह एक बड़ी बात है। जो लोग उनकी सेवा में हैं वे इन बातों को छिपाने की कोशिश कर रहे हैं।
कांग्रेस ने न्यायिक प्रक्रिया में उत्पन्न की बाधा
पीएम नरेंद्र मोदी ने राम मंदिर को लेकर अहम बयान दिया है। पीएम मोदी ने मंगलवार को कहा कि राम मंदिर निर्माण के लिए कोई अध्यादेश तभी लाया जा सकता है, जब इस पर कानूनी प्रक्रिया पूरी हो जाए। न्यूज एजेंसी एएनआई को दिए इंटरव्यू में उन्होंने राम मंदिर को लेकर अदालती कार्यवाही में देरी को लेकर पीएम मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के वकील सुप्रीम कोर्ट में बाधाएं उत्पन्न कर रहे हैं, इसके चलते राम मंदिर मसले की सुनवाई की गति धीमी हो गई है।
उर्जित पटेल इस्तीफे के बारे में 4-5 महीने पहले बोल चुके थे
उर्जित पटेल को लेकर पीएम मोदी ने कहा, उन्होंने खुद निजी कारणों का हवाला देकर इस्तीफा पेश किया। वे मुझे इस्तीफा देने से पहले 4-5 महीने पहले ये बोल चुके थे, उन्होंने यह लिखित में भी दिया था। राजनीतिक दवाब का सवाल ही पैदा नहीं होता। उन्होंने बतौर आरबीआई गर्वनर काफी अच्छा काम किया।
महागठबंधन पर पीएम मोदी ने कहा कि ‘अगला चुनाव जनता बनाम गठबंधन के बीच है। मोदी सिर्फ जनता के प्यार और आर्शीवाद का नाम है।’ पीएम मोदी ने कहा कि लोगों को गठबंधन में लाने के लिए विपक्षी नेता बड़ी-बड़ी बातें करते हैं लेकिन सामान्य मानव सभी बातों को समझता है, मेरा देश के नागरिकों पर, देश के युवाओं पर भरोसा है।
पाक को सुधरने में लगेगा वक्त
सर्जिकल स्ट्राइक के बाद भी पाकिस्तान के क्रॉस बॉर्डर हमलों पर पीएम मोदी ने कहा कि ‘एक लड़ाई से पाकिस्तान सुधर जाएगा, ये सोचना बहुत बड़ी गलती होगी, पाकिस्तान को सुधरने में अभी और समय लगेगा।’
नोटबंदी के बारे में लोगों को किया था आगाह
पीएम मोदी ने कहा कि नोटबंदी झटका नहीं था, हमने कालेधन वालों को पहले ही चेताया था, लेकिन लोगों को लगा कि मोदी भी दूसरे नेताओं की तरह ही हैं इसलिए बहुत कम लोग ही स्वैच्छिक रूप से अपने जमा पैसों का खुलासा करने आगे आए। देश में काला धन के बारे में बार-बार खबरें आती थी, बिस्तरों से नोटों की बौछार होती थी। यह इस बात का सबूत थी कि हमारे देश में एक समानांतर अर्थव्यवस्था है। नोटबंदी से इस समानांतर अर्थव्यवस्था पर चोट की गई है। रेल जब भी पटरी बदलती है तो ट्रेन की गति कुछ धीमी होती है। नोटबंदी के बारे में भी ऐसा है। देश में ईमानदारी का माहौल बना है। समानांतर अर्थव्यवस्था ने देश को खोखला कर दिया है। नोटबंदी से देश की अर्थव्यवस्था मजबूत हुई है। नोटबंदी से लोगों की मानसिक सोच बदली है।
पांच राज्यों में पराजय के बारे में उन्होंने कहा कि मिजोरम और तेलंगाना के बारे में जीत के बारे में सोच नहीं रहे थे। छत्तीसगढ़ में साफ-साफ नतीजा आया लेकिन 2 राज्यों में हमें मिलाजुला परिणाम मिला, इन दोनों राज्यों में मिली हार पर हम चर्चा भी कर रहे हैं और रणनीति बना रहे हैं। पीएम मोदी ने कहा कि पिछले दिनों हरियाणा में उप-चुनाव हुए, त्रिपुरा में भी उप-चुनाव हुए, दोनों राज्यों में बीजेपी ने काफी अच्छा परिणाम पाया।
मोदी मैजिक के बारे में उन्होंने कहा कि विरोधियों का भी मानना है कि देश में मोदी लहर कुछ है। 2013-14 में अखबार और टीबी डिबेट की खबरों पर नजर डाल कर देखें, जब मोदी लहर को लेकर कुछ लोग कहते थे कि मोदी लहर कुछ नहीं है और कुछ लोगों को हम पर हमेशा शक रहा है। इन लोगों में कुछ लोगों की संख्या बढ़ी है और कुछ घटी भी है।
भाजपा सिर्फ मोदी और शाह पर नहीं चलती
भाजपा के संगठन के बारे में पीएम मोदी ने कहा कि जो लोग कहते हैं कि भाजपा मोदी और शाह के नाम पर चलती है वो लोग भाजपा को नहीं जानते हैं, न समझते हैं। भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी है, हर स्तर पर अलग-अलग कार्यकर्ता लगे हुए हैं इसलिए पार्टी पर लोगों का भरोसा बड़ा है, पूरे आत्मविश्वास के साथ हमारी पार्टी आगे बढ़ रही है, मॉरल डाउन होने का सवाल नहीं है।
जीएसटी से करों के भुगातान का आसान बनाया
पीएम मोदी ने कहा कि यह देश के नागरिकों को बताने की जरूरत होती है कि जीएसटी में केवल भारत सरकार का निर्णय नहीं होता बल्कि जीएसटी काउंसिल में होता है, जिसमें सभी राज्य सरकारें भी होती हैं और भारत सरकार भी उसमें एक पक्ष है, सभी लोग मिल बैठकर निर्णय लेते हैं। संसद में सर्वसम्मति से जीएसटी पारित हुआ, जीएसटी के आने से पहले देश में टैक्स स्लैब क्या था? जीएसटी से पहले 30-40 प्रतिशत टैक्स हुआ करता था और लोग टैक्स देते थे, जीएसटी के आने के बाद करों के भुगतान को आसान बनाया गया, रोजमर्रा की जरूरत वाली चीजों को सस्ता किया गया।
पीएम मोदी बोले, कानूनी प्रक्रिया खत्म होने तक राम मंदिर पर अध्यादेश नहीं

