जयपुर:राजस्थान सरकार ने लॉकडाउन 3.0 खत्म होने से एक सप्ताह पहले ही लोगों को बड़ी राहत दी है। राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार ने राज्य के भीतर लोगों को आवाजाही की छूट दे दी है। इसके लिए उन्हें पास की आवश्यकता नहीं होगी और सुबह 7 बजे से शाम 7 बजे के बीच यात्रा की जा सकती है। हालांकि, कंटेनमेंट इलाके के लोग ऐसा नहीं कर पाएंगे। राज्य के एक जिले से दूसरे जिले में इस तरह आवाजाही की छूट देने वाला राजस्थान देश का पहला राज्य है। विधायकों और सांसदों के साथ बैठक के बाद मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा, ”कर्फ्यू वाले इलाकों को छोड़कर जिले के भीतर और एक से दूसरे जिले में आवाजाही के लिए लोगों को सुबह 7 बजे से शाम 7 बजे के लिए पास की आवश्यकता नहीं होगी।”

