नई दिल्ली:लड़ाकू विमान राफेल के सौदे को लेकर एक बार फिर संसद में चर्चा हो रही है। कांग्रेस और सरकार दोनों के बीच इस मुद्दे को लेकर सदन में खूब हंगामा हो रहा है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने चर्चा की के दौरान जेपीसी की मांग दोहराई और कहा कि राफेल की पूरी दाल ही काली है। उधर, राफेल सौदे पर आए सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर फिर से पुनर्विचार याचिका दाखिल कर दी गई है।
– सदन की कार्यवाही फिर से शुरू।
– सदन में हंगामा कम नहीं हो रहा है। जिसे देखते हुए स्पीकर ने सदन की कार्यवाही को साढ़े तीन बजे तक फिर से स्थगित कर दिया है।
– सदन में कांग्रेस नेताओं की ओर से कागज के हवाई जहाज बनाकर फेंके जा रहे हैं। इस पर स्पीकर सुमित्रा महाजन ने सदस्यों को टोका लेकिन फिर भी वे नहीं रुके। जिस पर अरुण जेटली ने कांग्रेस पर तंज कसा।
– अरुण जेटली ने कहा कि देश की सुरक्षा के लिए राफेल जरूरी था। उन्होंने पूछा कि 3-3 घोटालों में एक ही परिवार का नाम क्यों आया?
– जेटली ने राहुल गांधी की ओर इशारा करते हुए कहा, ‘वो जब किशोर थे तो क्या मिस्टर क्यू (क्वात्रोच्ची) की गोद में खेले थे?. बोफोर्स मामले में जिसके बारे में खुद नोबेल इंडस्ट्री के सीईओ ने लिखा था कि किसी भी कीमत पर मिस्टर क्यू को बचाया जाए।’
– राफेल सौदे के जवाब में अरुण जेटली ने बोफोर्स तोप सौदे का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को कॉम्बैट जेट्स की समझ नहीं।’
– अरुण जेटली ने कहा, ‘राफेल की कीमत को लेकर जो बात हो रही है। वो इसीलिए क्योंकि इस देश में कुछ परिवार ऐसे हैं, जिन्हें पैसा का गणित तो समझ आता है लेकिन देश की सुरक्षा समझ नहीं आती है।’
– राहुल के सवालों पर वित्त मंत्री अरुण जेटली ने कहा, ‘जब सु्प्रीम कोर्ट ने ही इस मामले में फैसला दे दिया है, फिर भी राहुल गांधी इस बारे में सवाल कर रहे हैं।’
– राहुल के राफेल पर दावों का वित्त मंत्री अरुण जेटली जवाब ने जवाब दिया। उन्होंने कहा कि राहुल लगातार झूठ बोल रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले में जो कुछ भी कहा गया, उसका एक एक शब्द झूठ है।
– राहुल गांधी ने फिर से सदन में जेपीसी की मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि जेपीसी में पता लग जाएगा कि राफेल सौदे में भ्रष्टाचार हुआ है।
– राहुल गांधी ने कहा, ‘राफेल सौदे का मामला शुरू हुआ तो हमने सोचा था कि दाल में कुछ काला है। फिर धीरे-धीरे खुलासे हुए और पता लगा कि पूरी दाल ही काली है।’
– राहुल गांधी ने कहा, ‘ये जो टेप निकली है, इसमें गोवा के मुख्यमंत्री के कैबिनेट बैठक में सबके सामने बोला कि राफेल केस की फाइल्स मेरे घर में पड़ी हुई हैं।’
– अरुण जेटली ने कहा, ‘राहुल जानते हैं कि टेप फर्जी है, इसीलिए वे इसे सत्यापित नहीं कर रहे। यह आदमी (राहुल) झूठा है, दिन में पांच बार झूठ बोलता है।’
– सदन में फिलहाल, दोनों ओर से हंगामा जारी है। इसी बीच AIDMK के लोग भी नारेबाजी कर रहे हैं। हंगामा बढ़ते देख राहुल गांधी ने कहा कि वे टेप नहीं चलाएंगे।
– इस पर राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा के लोग टेप से डर गए हैं। पीएम मोदी भी कमरे में जाकर छुप गए हैं।
– अरुण जेटली ने कहा कि ये ऑडियो टेप फर्जी है। लेकिन फिर भी राहुल गांधी इसे सदन में चलाना चाहते हैं तो इसे सत्यापित करें और जिम्मेदारी लें कि अगर फर्जी निकला तो कार्रवाई का सामना करेंगें।
– राहुल गांधी ने लोकसभा स्पीकर से गोवा के मंत्री का ऑडियो टेप सुनाने की इजाजत मांगी। जिसका वित्त मंत्री अरुण जेटली ने जोरदार विरोध किया। स्पीकर ने टेप सुनाने की इजाजत नहीं दी।
– राहुल गांधी ने पूछा, ‘राफेल एयरक्राफ्ट का चयन एयरफोर्स की 8 सालों की कड़ी मेहनत के बाद हुआ था। उन्हें 126 विमानों की जरूरत थी। सवाल ये है कि 126 से 36 विमान खरीदने का फैसला किसने लिया?’
– कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी राफेल सौदे पर विचार रख रहे हैं। इस दौरान सदन में नारेबाजी करते AIDMK के नेताओं के लिए उन्होंने कहा कि वे प्रधानमंत्री को बचाने का प्रयास कर रहे हैं।
राहुल ने कहाः विमान मंहगा क्यों खरीदा; जेटली बोलेः आपको कॉम्बैट जेट्स की समझ नहीं

