मुंबई। गर्मी की छुट्टियों के दौरान ट्रेनों में यात्रियों की बढ़ने वाली संख्या को दृष्टिगत रखते हुए टिकट दलालों और उनकी गतिविधियों पर लगाम लगाने के उद्देश्य से पश्चिम रेलवे के सतर्कता विभाग की एक टीम द्वारा मुंबई डोमेस्टिक एयरपोर्ट, सांताक्रुज में आकस्मिक जाँच की और कुरियर सेवाओं के माध्यम से तत्काल काउंटर टिकट के परिवहन करने वाले रैकेट का पता लगाया।
पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी रविंद्र भाकर द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार पश्चिम रेलवे के मुख्य सतर्कता निरीक्षक श्री मनोज यादव एवं श्री सौरभ मसेकर तथा आरपीएफ कांस्टेबल श्री वैभव जोशी, अजय महाजन और श्री चम्पालाल पाटिल की टीम ने 24 अप्रैल, 2019 को मुंबई डोमेस्टिक एयरपोर्ट, सांताक्रुज में आकस्मिक छापा मारकर गौरव सिंह, मनोज काटकर एवं रंजीत सिंह सरोज नामक तीन आरोपियों को तत्काल काउंटर टिकट वाले पार्सल के साथ पकड़ा, जो देश के उत्तरी हिस्से में बनाये गये तत्काल काउंटर टिकट को कूरियर सेवाओं के माध्यम से मुंबई भेजते थे। इस छापे के दौरान 2,34,238 रु. मूल्य के 58 रेल यात्रा टिकट तथा 4450 रु. मूल्य के पहले से बुक किया गया एक टिकट बरामद हुआ। इस छापे के दौरान 2,38,688 रु. मूल्य के कुल 59 रेल टिकट जब्त किये गये। आरोपियों के खिलाफ रेल अधिनियम की धारा 143 के अंतर्गत उन्हें गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए अंधेरी आईपीएफ को सौंप दिया गया। पश्चिम रेलवे अपने सम्माननीय ग्राहकों को केवल अधिकृत स्रोतों जैसे ऑनलाइन या पीआरएस काउंटरों या अधिकृत रेल यात्रा एजेंटों (RTSA) से ही टिकट खरीदने तथा अनधिकृत डीलरों/दलालों से बचने के लिए प्रेरित करता रहता है।
पश्चिम रेलवे की सतर्कता टीम ने की टिकट दलालों पर कार्रवाई

