नई दिल्ली:उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी और एनडीए को लेकर प्रशांत किशोर के बयान से पैदा हुई असहजता को दूर करने के लिए बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को खुद मोर्चा संभालना पड़ा। आगामी बिहार चुनाव को लेकर भाजपा और जदयू गठंबधन के सवाल पर नीतीश कुमार ने कहा कि सब ठीक है। बता दें कि सुशील मोदी और प्रशांत किशोर के बीच आगामी विधानसभा चुनाव में सीट शेयरिंग को लेकर ट्विटर पर तनातनी जारी है।
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, नीतीश कुमार ने बीजेपी-जदयू गठबंधन के सवाल पर कहा कि सब ठीक है। दरअसल, प्रशांत किशोर ने आगामी विधानसभा चुनाव में जेडीयू को बीजेपी की तुलना में अधिक सीटों पर चुनाव लड़ने की सलाह दी थी, जिसके बाद सुशील मोदी के साथ उनका ट्विटर पर विवाद बढ़ गया और खुद नीतीश कुमार को बीच में आना पड़ा।
मंगलवार की सुबह प्रशांत किशोर ने सुशील मोदी पर पलटवार किया था और अपने ट्वीट में लिखा, ‘बिहार में नीतीश कुमार का नेतृत्व और JDU की सबसे बड़े दल की भूमिका बिहार की जनता ने तय किया है, किसी दूसरी पार्टी के नेता या शीर्ष नेतृत्व ने नहीं। 2015 में हार के बाद भी परिस्थितिवश उपमुख्यमंत्री बनने वाले सुशील मोदी से राजनीतिक मर्यादा और विचारधारा पर व्याख्यान सुनना सुखद अनुभव है।’
इससे पहले सुशील मोदी ने अपने ट्वीट में लिखा था, ‘2020 का विधानसभा चुनाव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में लड़ा जाना तय है। सीटों के तालमेल का निर्णय दोनों दलों का शीर्ष नेतृत्व समय पर करेगा। कोई समस्या नहीं है।’
सुशील मोदी ने अपने ट्वीट में आगे लिखा था, ‘लेकिन जो लोग किसी विचारधारा के तहत नहीं, बल्कि चुनावी डाटा जुटाने और नारे गढ़ने वाली कंपनी चलाते हुए राजनीति में आ गए, वे गठबंधन धर्म के विरुद्ध बयानबाजी कर विरोधी गठबंधन को फायदा पहुंचाने में लगे हैं। एक लाभकारी धंधे में लगा व्यक्ति पहले अपनी सेवाओं के लिए बाजा तैयार करने में लगता है, देशहित की चिंता बाद में करता है.’
प्रशांत किशोर और सुशील मोदी की जुबानी जंग में नीतीश ने संभाला मोर्चा, बोले- सब ठीक है

