मैनपुरी:सोमवार को एक घटना ने मैनपुरी शहर के लोगों को चौंका दिया। दस वर्षीय बालक ने कार्टून देखने के लिए मोबाइल न मिलने पर फांसी लगा ली। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि जानकारी मिलते ही परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर आए जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। बालक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस को जानकारी दिए बिना परिजन शव घर ले गए और अंतिम संस्कार करा दिया गया।
घटना नगर के एक मोहल्ले की है। नगर निवासी रामसिंह का दस वर्षीय पुत्र गौरव (काल्पनिक नाम) सोमवार को दोपहर अपने घर में था। उसने अपने बाबा से मोबाइल मांगा। गौरव मोबाइल पर हॉट स्टार से कार्टून देखना चाहता था। बाबा ने उसे मोबाइल नहीं दिया और कहा कि छुट्टी है स्कूल का काम कर लो। मोबाइल नहीं मिलेगा। यह सुनकर गौरव गुस्से में घर के कमरे में चला गया और उसने बेड के ऊपर दो कुर्सियां रखीं और पंखे पर फांसी का फंदा लगाकर लटक गया जिससे उसकी मौत हो गई।

