नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक न्यूज एजेंसी को दिए गए इंटरव्यू पर कांग्रेस ने चुटकी ली और उसे जुमला बताया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि साढ़े चार साल में उनके कार्यकाल के दौरान जो काम हुआ है, उसे देश की जनता अभी तक भुगत रही है। नोटबंदी और जीएसटी इसके उदाहरण है। हालांकि उन्होंने कहा कि अब उनकी सरकार के सिर्फ 100 दिन ही बचे है और उलटी गिनती शुरू हो चुकी है।
सुरजेवाला ने कहा कि मै, मैंने और मेरा तक ही सिमटे रहे पीएम
इंटरव्यू के तुरंत बाद पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए सुरजेवाला ने कहा कि 55 महीनों में उन्होंने देश की अर्थव्यवस्था को बर्बाद करके रख दिया है। यही वजह है कि उनके पास उपलब्धियों के नाम पर बताने के लिए कुछ नहीं है। पूरे समय वह सिर्फ मैं, मैंने और मेरा तक ही सिमटे रहे।
जनता से किए गए वादों को लेकर मांगा जवाब
उन्होंने इस दौरान लोगों से किए गए वादों को पूरा न कर पाने को लेकर पीएम मोदी को कोसा और कहा जनता को उन्होंने धोखा दिया है। इस दौरान कांग्रेस नेता ने राफेल, स्मार्ट सिटी, कालाधन वापस लाने और गंगा की सफाई जैसे दस मुद्दे भी गिनाए। साथ ही पूछा कि उन वादों का क्या हुआ, जिसे लेकर वह अच्छे दिन लाने की बात करते थे।
इंटरव्यू में पीएम के चुनाव लड़ने वाले सवाल को लेकर भी चुटकी ली और कहा कि आज पीएम इतने लाचार हो गए है, कि वह यह भी नहीं बता पा रहे है, कि वह कहां से अगला चुनाव लड़ेंगे। लड़ेंगे भी या नहीं लड़ेंगे।
किसानों के मुद्दे पर भी कांग्रेस ने हमला बोला और कहा कि उन्होंने वादा तो लागत पर पचास प्रतिशत मुनाफा देने का किया था, लेकिन क्या लागत भी दे पाए। वहीं व्यापारियों को भी परेशान करने का आरोप लगाया।
पीएम मोदी के इंटरव्यू को कांग्रेस ने बताया जुमला, देश से किए गए वादों पर मांगा जवाब

