अहमदाबाद:केटर पार्थिव पटेल ने एक और कीर्तिमान बनाते हुए गुजरात की ओर से 100 रणजी मैच खेलने वाला पहला खिलाड़ी बन गए हैं। उनके इस रिकॉर्ड पर गुजरात क्रिकेट संघ (जीसीए) ने उन्हें बधाई दी है। 2004 में रणजी ट्रॉफी का पहला मैच खेलने वाले पार्थिव, 2006 से लगातार गुजरात रणजी टीम के कप्तान हैं। सोमवार (27 जनवरी) को जब सूरत के लालभाई कांट्रैक्टर स्टेडियम में वह विदर्भ के खिलाफ अपनी टीम के साथ उतरे तो वह 100 रणजी मैच खेलने वाले गुजरात के पहले खिलाड़ी बन गए।
जीसीए के मीडिया मैनेजर मनीष शाह ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि पार्थिव पटेल के नाम पहले से ही कई रिकॉर्ड हैं। गुजरात में क्रिकेट को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाने में उनका बड़ा योगदान है। 09 मार्च 1985 को जन्मे पार्थिव ने वर्ष 2002 में जब टीम इंडिया में पहली बार जगह बनाई तो वह विश्व में सबसे कम उम्र के विकेटकीपर बनने के साथ ही भारतीय टीम में जगह पाने वाले गुजरात के पहले खिलाड़ी भी बन गए।
वह विश्व कप और आईपीएल खेलने वाले भी गुजरात के पहले खिलाड़ी रहे हैं। उनके नेतृत्व में ही गुजरात ने अब तक की अपनी इकलौती रणजी ट्रॉफी भी जनवरी 2017 में जीती थी। उनकी कप्तानी में गुजरात विजय हजारे ट्रॉफी और मुश्ताक अली ट्रॉफी भी जीत चुका है। पार्थिव के नाम पहले भारतीय टीम में जगह बनाने और बाद में वर्ष 2004 से रणजी ट्रॉफी खेलने का भी अनूठा रिकॉर्ड है।
उनके इस खास रिकॉर्ड पर उन्हें सोशल मीडिया पर जमकर बधाइयां भी मिलीं।
रणजी ट्रॉफी में वह 6 हजार से अधिक रन बना चुके हैं और बतौर विकेटकीपर करीब 300 शिकार बना चुके हैं जिनमें से लगभग 250 कैच हैं। उन्होंने अब तक कुल मिला कर प्रथम श्रेणी के 190 मैच खेले हैं। वह अब तक 25 टेस्ट, 38 वनडे और दो टी 20 मैच भी भारत के लिए खेल चुके हैं।

