नई दिल्ली:पाकिस्तान टीम को कोरोना वायरस के बीच इंग्लैंड दौरे पर जाने से पहले बड़ा झटका लगा है जहां उनके तीन क्रिकेटर शादाब खान, हारिस रउफ और हैदर अली सोमवार को कोरोना वायरस जांच में पॉजिटिव पाए गए हैं। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने एक बयान में कहा कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड इसकी पुष्टि करता है कि तीन खिलाड़ी हैदर अली, हारिस रउफ और शादाब खान कोरोना वायरस जांच में पॉजिटिव पाए गए हैं।
समें कहा गया कि इन खिलाड़ियों में अभी तक कोई लक्षण नहीं थे लेकिन इंग्लैंड दौरे से पहले रविवार को रावलपिंडी में हुई जांच में ये पॉजिटिव पाए गए। अब ये खिलाड़ी पृथकवास में रहेंगे। इससे पहले पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी भी कोरोना टेस्ट में पॉजिटिव पाए गए थे।
बता दें कि पाकिस्तान की टीम को इस महीने के आखिर में इंग्लैंड दौरे पर जाना है। इसी बीच पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने खिलाड़ियों का कोरोना वायरस टेस्ट कराने का फैसला किया। इंग्लैंड दौरे पर जाने वाले सभी खिलाड़ियों का कोविड-19 टेस्ट होना है, जिनमें से 5 खिलाड़ियों का रविवार को रावलपिंडी स्टेडियम में कोविड-19 टेस्ट हो गया है। बाकी के खिलाड़ियों का टेस्ट लाहौर, कराची और पेशावर में होगा।
इस टेस्ट से पहले एक पाक अधिकारी ने कहा था कि क्वारंटाइल अवधि के बाद में विशेष क्रिकेटर को अपनी स्थिति निर्धारित करने के लिए कुछ दिनों के भीतर दो बार टेस्ट करना होगा। अगर उनके दोनों टेस्ट नेगेटिव हो जाते हैं, तो इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) उन्हें ब्रिटेन के लिए उड़ान भरने के लिए विशेष व्यवस्था करेगा, जहां एक और टेस्ट के बाद उन्हें क्वारंटाइन में पंद्रह दिन बिताने होंगे।

