हैमिल्टन: न्यूजीलैंड ने तीन वनडे की सीरीज के पहले मैच में भारत को 4 विकेट से हरा दिया। बुधवार को हैमिल्टन में खेले गए मैच में न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया। भारत ने 50 ओवर में 4 विकेट पर 347 रन बनाए। न्यूजीलैंड ने 48.1 ओवर में 6 विकेट पर 348 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। उसने लगातार दूसरे वनडे में भारत को हराया। इससे पहले पिछले साल वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में भी शिकस्त दी थी। मौजूदा न्यूजीलैंड दौरे में भारत की यह पहली हार है। वह पांच टी-20 की सीरीज को 5-0 से जीता था।
न्यूजीलैंड के लिए रॉस टेलर ने करियर का 21वां शतक लगाया। वे 109 रन बनाकर नाबाद रहे। कप्तान टॉम लाथम 48 गेंद पर 69 रन बनाकर आउट हुए। हेनरी निकोल्स ने 78 रन की पारी खेली। मार्टिन गुप्टिल 32 रन बनाकर आउट हुए। गुप्टिल ने निकोल्स के साथ पहले विकेट के लिए 85 रन की साझेदारी की।
अय्यर का शतक और राहुल का अर्धशतक
श्रेयस अय्यर ने 103 और लोकेश राहुल ने 88 रन की पारी खेली। कप्तान विराट कोहली ने 51 और केदार जाधव ने नाबाद 26 रन बनाए। न्यूजीलैंड के लिए टिम साउदी ने दो विकेट लिए। कॉलिन डी ग्रैंडहोम और ईश सोढ़ी को एक-एक सफलता मिली।
अय्यर ने करियर के 16वें मैच में पहला शतक लगाया
अय्यर ने करियर का पहला शतक लगाया। उन्होंने पहला शतक करियर के 16वें मैच में लगाया। अय्यर ने राहुल के साथ चौथे विकेट के लिए 136 रन की साझेदारी की। राहुल ने वनडे में अपना 7वां और कोहली ने 44वां अर्धशतक लगाया। कोहली ने अय्यर के साथ 102 रन की साझेदारी की। उन्हें ईश सोढ़ी ने बोल्ड कर दिया। पृथ्वी शॉ 20 और मयंक अग्रवाल 32 रन बनाकर आउट हुए। दोनों ने पहले विकेट के लिए 50 रन की साझेदारी की। पृथ्वी और मयंक ने वनडे में डेब्यू में किया।

