पुणे: नौसेना प्रमुख एडमिरल करमबीर सिंह ने सोमवार को कहा कि हमें खुफिया जानकारी मिली है कि आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद अंडर वाटर अटैक की तैयारी कर रहा है। उन्होंने बताया कि हमले के लिए जैश आतंकियों को ट्रेनिंग दे रहा है, पर हम भरोसा दिलाते हैं कि ऐसे किसी भी हमले के लिए हम पूरी तरह तैयार हैं। उधर, पाकिस्तान और चीन के हवाई अभ्यास पर भारतीय वायु सेना (आईएएफ) ने कहा कि हम इस पर कड़ी नजर बनाए हुए हैं।
जैश ने पुलवामा आतंकी हमले को अंजाम दिया था। इसमें इस साल 14 फरवरी को 42 सीआरपीएफ जवान शहीद हो गए थे।
26/11 के बाद तटीय सुरक्षा बढ़ा दी गई- करमबीर सिंह
एडमिरल करमबीर सिंह ने कहा, ‘‘2008 में हुए 26/11 हमले के बाद हमने तटीय सुरक्षा बढ़ा दी है। हम यह भरोसा दिलाते हैं कि समुद्री मार्ग से कोई घुसपैठ नहीं होगी।’’
सिंह से जब भारतीय नौसेना के बजट आवंटन के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि बजटीय आवंटन के कारण हमें अपनी योजना में थोड़ा सुधार करना होगा। हां, इसकी वजह से हम कुछ हद तक सीमित हो गए हैं।
हिंद महासागर क्षेत्र में चीनी सैनिकों की गतिविधियों पर कड़ी नजर
वहीं, उन्होंने कहा कि हिंद महासागर में नौसेना चीनी सैनिकों की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं। हम हिंद महासागर क्षेत्र में विकास कार्यों पर ध्यान दे रहे हैं। चीन एक वैश्विक शक्ति बनना चाहता है, इसलिए वे इस क्षेत्र में आएंगे। हमारे लिए राष्ट्र हित सर्वोपरि है, इसके खिलाफ कुछ भी होगा तो हम कार्रवाई करेंगे।
वायुसेना के मुताबिक, चीन के होटन शहर में दो दिनों से पाकिस्तान-चीन के बीच हवाई अभ्यास चल रही है। इसमें दोनों देशों ने नवीनतम लड़ाकू जेट तैनात किए हैं। पाकिस्तान अपने जेएफ-17 लड़ाकू विमानों के साथ इसमें शामिल हुआ है। जबकि चीन अपने जे-10 और जे-11 लड़ाकू विमानों के साथ हिस्सा ले रहा है।
दो दिनों से चीन और पाक के बीच हवाई अभ्यास जारी
भारतीय वायुसेना के अधिकारियों ने कहा कि हवाई अभ्यास का कोड नेम शाहीन है। जो लद्दाख के लेह शहर से 200 किमी दूर होटन शहर में हो रहा है। पाकिस्तानी सेना ने चीन जाने से पहले गिलगिट बाल्टिस्तान रीजन के स्कर्दू इलाके में नजर आए थे।

