मुंबई: नाना पाटेकर और तनुश्री दत्ता के बीच चल रहा विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। इसी बीच तनुश्री दत्ता ने मनसे नेता राज ठाकरे और उनकी पार्टी पर भी निशाना साधा और कहा कि वो और नाना पाटेकर उन्हें धमका रहे हैं। एएनआई को दिए एक इंटरव्यू में तनुश्री दत्ता ने मनसे पर आरोप लगाते हुए कहा है कि पार्टी ने उन पर हिंसक हमला करने की धमकी दी है। नाना पाटेकर की तरफ से भी मुझे धमकियां मिल रही हैं।’ इससे पहले भी तनुश्री ने मनसे को गुंडों की पार्टी करार देते हुए दावा किया कि बाल ठाकरे की कुर्सी राज को नहीं मिली, इसलिए खुद को साबित करने के लिए वे अपने गुंडे तोड़फोड़ के लिए भेजते हैं।
मुंबई पुलिस ने दी तनुश्री को प्रोटेक्शन…
इन धमकियों के बीच तनुश्री दत्ता को मुंबई पुलिस की तरफ से सुरक्षा प्रदान की गई है, जिसके लिए उन्होंने मुंबई पुलिस का धन्यवाद किया और कहा, ‘मुझे सुरक्षा देने और मदद करने के लिए मुंबई पुलिस का धन्यवाद।’
नाना ने नहीं भेजा कोई नोटिस…
दूसरी तरफ तनुश्री ने नाना पाटेकर की लीगल नोटिस वाली बात का भी खंडन किया है और कहा है कि उन्हें अब तक कोई नोटिस नहीं मिला है। जबकि बीते रोज ही नाना पाटेकर के वकील ने मीडिया को दिए इंटरव्यू में ये कहा था कि नाना पाटेकर की तरफ से तनुश्री को एक नोटिस भेजा गया है। जिसमें तनुश्री से माफी मांगने की डिमांड की गई है।
तनुश्री के बयान से भड़की मनसे पार्टी…
एमएनएस चित्रपट शाखा के अध्यक्ष अमेय खोपकर ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए तनुश्री दत्ता के बयानों को टीवी शो ‘बिग बॉस’ में घुसने की जुगाड़ बताया। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर तनुश्री को ‘बिग बॉस’ में एंट्री दी जाती है, तो एमएनएस की ओर से हिंसक प्रतिक्रिया होगी।
नाना पाटेकर के बाद अब तनुश्री ने मनसे पर साधा निशाना, बोलीं- ‘धमका रहे हैं’

