पटना:नागरिकता कानून को लेकर राष्ट्रीय जनता दल की तरफ से बुलाए गए बिहार बंद का राज्यव्यापी असर देखा जा रहा है। वहां पर आरजेडी कार्यकर्ताओं ने पटना से लेकर दरभंगा तक कई जगहों पर ट्रेन रुकवाए और चक्का जाम किया। इसके साथ ही, जबरन दुकानें बंद कराई गई।
हायाघाट में समस्तीपुर से दरभंगा जाने वाली जानकी एक्सप्रेस को आरजेडी के नेताओं ने रोक दिया। आरजेडी कार्यकर्ताओं ने शरारा हाईवे रोड को स्थानीय चौक पर जाम कर दिया। इससे यातायात पूरी तरह से ठप पड़ गया है। इसका नेतृत्व विधायक शंभू नाथ यादव कर रहे हैं। उधर, दरभंगा-मुजफ्फरपुर एनएच 57 पर सिमरी में सड़क आरजेडी कार्यकर्ताओं नेजाम कर दिया।
वैशाली-गोपालंग में भारी प्रदर्शन
वैशाली के रामाशीष चौक पर बिहार बंद के दौरान एनएच जाम करने के दौरान पूर्व मंत्री शिवचन्द्र राम को पुलिस ने लिया हिरासत में लिया गया। उनके साथ में विशुनदेव राय भी लिए गए हिरासत में। सदर थाना के रामाशीष चौक पर सदर एसडीपीओ ने हिरासत में लिया है। राजद कार्यकर्ता सदर थाने के बाहर कर रहे प्रदर्शन कर रहे हैं।
गोपालगंज में राजद कार्यकर्ताओं ने एनएच 28 को किया जाम। मांझा के कोइनी के समीप सड़क जाम कर प्रदर्शन कर रहे हैं। शहर के जंगलिया चौक पर भी सड़क जाम कर आगजनी कर रहे हैं प्रदर्शनकारी।
अररिया में बंद का व्यापक असर
एनआरसी व सीएए के खिलाफ राजद के बिहार बंद का अररिया में व्यापक असर दिख रहा है। पूर्व सांसद सरफराज आलम, राजद जिला अध्यक्ष कमरुज्जमा सहित पार्टी के वरीय नेताओं की अगुवाई में बंद समर्थक जगह-जगह यातायात अवरुद्ध कर दिए हैं और दुकानें बंद करवा दी है। सड़कों पर वाहनों की लंबी-लंबी लाइनें लगी हुई है। शहर के चांदनी चौक, अस्पताल चौक, आजाद एकेडमी चौक, जीरोमाइल चौराहा में हजारों की तादाद में जुटे बंद समर्थक कैब और एनआरसी के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रहे हैं। बंद को लेकर प्रशासन भी एक्टिव है। एसडीपीओ केडी सिंह की अगुवाई में पुलिस गाड़ियां शहर में गश्त कर रही है और बंद समर्थकों को संयमित व अनुशासित रहने की चेतावनी भी दे रही है।
मधुबनी में सुबह से ही सड़क पर उतरा विपक्ष
आरजेडी और विपक्ष बिहार में बंद को लेकर जिले के विभिन्न प्रखंडों में हर चौक चौराहे पर प्रदर्शन कर रहे हैं। सुबह 10:00 बजे तक शहर में प्रवेश के तमाम रास्तों को बंद कर दिया गया। राजद के नेता और कार्यकर्ताओं ने जमकर मोदी सरकार के खिलाफ़ नारेबाजी की। बस स्टैंड अस्पताल व कई सार्वजनिक जगह सूना सूना दिखा। सकरी में एनएच 57 जाम कर लोग कर रहे नारेबाजी।
भीड़ और बंद के वाबजूद मधुबनी के सकरी में एनएच 57 जाम कर लोगों ने नारेबाजी की। भीड़ और बंद के चलते एम्बुलेंस को परेशानी नहीं हो इसका ध्यान रखा जा रहा है। सकरी में एम्बुलेंस को जाम खोलकर रास्ता दिया गया। राजद समर्थक एवं नेताओं द्वारा रहिका चौक से गुजरने वाली सभी मुख्य सड़कों को जाम कर दिया गया।
बिसफी में बिहार बंद को लेकर राजद कार्यकर्ताओ ने ओंसी जीरो माइल 105 पर धरना दिया। बंद और सड़क जाम का नेतृत्व स्थानीय विधायक डा फैयाज अहमद, जयजय राम यादव आदि ने किया। बिस्फी, नूरचक चौक को भी बंद समर्थक जाम कर दिया है।बंद समर्थक हिन्दू-मुस्लिम एकता जिन्दाबाद ,सीएए बिल वापस लेने, अमित साह और पीएम मोदी के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं ।
बासोपट्टी एवं हरलाखी प्रखंड में भी आज बिहार बन्द का असर देखा जा रहा है। बासोपट्टी के कर्पूरी चौक एवं हरलाखी के उमागांव बाजार में सड़क जाम कर आवागमन बाधित कर दिया है। बिहार बंद को लेकर पुलिस अलर्ट- भीड़ भाड़ वाले जगहों पर पुलिस की तैनाती की गयी है। नगर पुलिस शहर में अलग अलग टुकड़ियों में तैनात किये गये हैं। एसपी डीएसपी लगातार स्थित पर नजर रखे हुए हैं।
दरभंगा में जगह-जगह जाम, यातायात व्यवस्था चरमरायी
राजद और विपक्ष के बंद को लेकर शनिवार को शहर समेत जिलेभर में उग्र प्रदर्शन हो रहा है। बंद समर्थकों ने सुबह में दरभंगा जंक्शन पर 20 मिनट तक बिहार संपर्क क्रांति को रोके रखा। वहीं, हायाघाट में समस्तीपुर से दरभंगा आने वाली जानकी एक्सप्रेस को भी आधे घंटे के लिए रोके रखा। जाले के देवरा बंधौली हाल्ट पर दरभंगा से रक्सौल जाने वाली सवारी गाड़ी को भी कुछ देर के लिए रोका गया।
एनएच 57 पर सिमरी और शोभन में राजद कार्यकर्ता सड़क पर बैठे हुए हैं। लहेरियासराय टावर पर बहादुरपुर के राजद विधायक भोला यादव समर्थकों के साथ सड़क पर बैठे हुए हैं। इसके अलावा विभिन्न प्रखंडों में सड़कों को जाम कर दिया गया है जिससे यातायात व्यवस्था चरमरा गई है। बंद के कारण बस स्टैंड, अस्पताल व कई सार्वजनिक जगह सूना-सूना दिख रहा है। इधर, बंद को लेकर पुलिस सतर्क है। जगह-जगह पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है। एसएसपी बाबू राम खुद स्थिति पर नजर रखे हुए हैं।

