मुंबई:देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में सोमवार सुबह तेज बारिश शुरू हो गई है। तेज बारिश की वजह से कई इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई है। भारी वर्षा की वजह से छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनैशनल एयरपोर्ट से विमानों का आवागमन प्रभावित हुआ है। कम दृश्यता की वजह से तीन उड़ानों को अब तक डायवर्ट किया गया है। गोवंडी इलाके में बारिश की वजह से एक घर गिर गया जिसमें 8 लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा है कि चर्च गेट, बांद्रा और मीरा रोड में भारी बारिश हुई है। बरसात की वजह से अंधेरी सबवे और साकीनाका मेट्रो स्टेशन के पास जलभराव हो गया है। गोवंडी के शिवाजीनगर इलाके में एक घर गया जिसमें 8 लोग घायल हो गए। बारिश की वजह से कई इलाकों में जाम की स्थिति पैदा हो गई जिससे लोगों को ऑफिस जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
आसमान में घने काले बादल अभी छाए हुए हैं। मौसम विभाग के मुताबिक मुंबई में सोमवार को रुक-रुककर बारिश हो रही है। मुंबई, ठाणे, पालघर सहित पूरे उत्तर कोकण इलाके में बारिश का असर दिख रहा है। क्षेत्रीय मौसम विभाग से जुड़े एक अधिकारी ने बताया कि शनिवार सुबह 8.30 बजे से रविवार सुबह 8.30 बजे तक उपनगर में 41.3 जबकि शहर 11.6 एमएम बारिश हुई। इस दौरान एक-दो जगहों पर भारी बारिश भी रही।
उन्होंने बताया कि आगे भी इसी तरह रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है, हालांकि इस दौरान भारी बारिश की संभावना कम है। बता दें कि मौसम विभाग की वेबसाइट पर बारिश को लेकर जारी चेतावनी के अनुसार, गुरुवार तक पूरे उत्तरी कोंकण के कुछ इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है, हालांकि यह चेतावनी पीले रंग में है, जिसका मतलब है कि बारिश पर नजर बनाए रखने की जरूरत है। बता दें कि उपरोक्त चेतावनी अगर लाल रंग में होती, तो इसे लेकर सतर्क होने की जरूर रहती।
मुंबई में भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त

