आगरा:उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि लोकतंत्र में सभी को विरोध करने और अभिव्यक्ति की आजादी है। इसकी आड़ में किसी को आगजनी और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की इजाजत नहीं दी जा सकती है। संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों से जब भरपाई की जा रही है तो वे कहने लगे कि हमसे गलती हो गई। अब माहौल खराब करने वाले महिलाओं और बच्चों को आगे कर रहे हैं। सरकार इसका समाधान निकलेगी।
सीएम ने कहा कि देश के खिलाफ नारेबाजी करने वालों पर देशद्रोह का मुकदमा होगा। उन्होंने विरोधी दलों को आड़े हाथ लिया। कहा कि वोट बैंक की खातिर विरोधी दल जिन समस्याओं का समाधान नहीं होने देना चाहते थे, उन्हें मोदी सरकार ने हल कर दिया है। कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटा दिया है। भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर के निर्माण का रास्ता साफ किया है। तीन तलाक जैसी कुप्रथा को खत्म किया। इससे विपक्ष बौखला गया है।
शरणागत की रक्षा भारत की परंपरा
मुख्यमंत्री ने कहा कि शरणागत की रक्षा करना भारत की परंपरा रही है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए नागरिकता संशोधन कानून बनाया गया है। यह कानून अफगानिस्तान, पाकिस्तान और बांग्लादेश में प्रताड़ित अल्पसंख्यकों को शरण देगा। यह नागरिकता देने वाला कानून है, किसी की नागिरकता छीनने वाला नहीं। लेकिन कांग्रेस, सपा और बसपा सहित अन्य विरोधी दल जनता को भ्रमित करने का काम कर रहे हैं।
नड्डा की उपलब्धियां भी गिनाईं
मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की उपलब्धियां बताते हुए कहा कि जब उन्हें लोकसभा चुनाव में यूपी का प्रभारी बनाया गया, तब पार्टी को ऐतिहासिक सफलता मिली। उनके स्वास्थ्य और उच्च शिक्षा मंत्री के कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि 1947 से 2016 तक यूपी में महज 12 मेडिकल कॉलेज थे लेकिन उनके कार्यकाल में दो एम्स, 15 राजकीय मेडिकल कॉलेज और हर जिले को दो-दो मेडिकल वैन सहित तमाम सुविधाएं मिली हैं।
बांके बिहारी से शुरू जय श्रीराम पर भाषण खत्म
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कोठी मीना बाजार मैदान में अपने चिर परिचित अंदाज में नजर नहीं आए। हालांकि, खास बात यह रही कि स्वयं को ब्रजभूमि से जोड़ते हुए उन्होंने भारत माता की जय के बाद बांके बिहारी लाल की जय का जयकारा लगवाया। तब बड़ी संख्या में लोग खड़े हो गए और दोनों हाथ उठाकर जयकारा लगाया। करीब 15 मिनट के भाषण का अंत उन्होंने जयश्रीराम के जयकारे के साथ किया। तब भी भीड़ ने दोनों हाथ उठाकर जयकार लगाया।

