नई दिल्ली:भारतीय महिला क्रिकेट टीम की सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने टी-20 विश्व कप फाइनल में ऑस्ट्रेलिया से मिली हार के बाद क्रिकेट फैन्स से माफी मांगी है। मंधाना का खुद का फॉर्म भी पूरे टूर्नाट में सही नहीं था और उन्होंने चार पारियों में केवल 49 रन ही बनाए थे। आईसीसी महिला टी-20 वर्ल्ड कप 2020 का फाइनल मैच 8 मार्च को भारतीय महिला क्रिकेट टीम और ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के बीच खेला गया। मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में खेले गए इस मैच में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 85 रनों से मात दी थी।
इस हार के बाद भारतीय महिला क्रिकेट टीम काफी निराश दिखाई दी। मैच के बाद कई खिलाड़ियों के आंखों से आंसू भी निकल गए थे। इस हार के बाद अब स्मृति मंधाना ने फैन्स ने माफी मांगी है।
मंधाना ने अपने इंस्टाग्राम पर लिखा, “मैं उन सभी को धन्यवाद देना चाहती हूं, जिन्होंने आठ मार्च को एमसीजी मैदान को भर दिया और पूरे टूर्नामेंट के दौरान हमारा समर्थन किया। परिणाम हमारे पक्ष में नहीं रहा है और इसके लिए मैं वास्तव में आप सब से माफी मांगती हूं। लेकिन जिस तरह से आप सब का समर्थन मिला, उससे मैं बहुत खुश हूं और इस तरह का समर्थन हमें और ऊपर ले जाएगा।”
उन्होंने कहा, “इस विश्व कप के दौरान पूरी टीम और सपोर्ट स्टाफ की ओर से किए गए कड़ी मेहनत की मैं प्रशंसा करती हूं। वास्तव में इस युवा टीम पर बहुत गर्व है। अपनी टीम की ओर से मैं आप सबसे वादा करती हूं कि हम कड़ी मेहनत करेंगे और मजबूती से वापसी करेंगे।”
स्मृति मंधाना ने मैच के बाद कहा था, ”यह समय आत्ममंथन का है। हार आपको जीत की तुलना में काफी चीजें सिखाती है। टीम को अकेला छोड़ दीजिये और सोचिये कि हम अगले कुछ वर्षों में कैसे बेहतर कर सकते हैं।”
स्मृति मंधाना का मानना है कि छोटे प्रारूप में टीम काफी बदल गई है और उन्होंने इसका श्रेय मुख्य कोच डब्ल्यूवी रमन को दिया। उन्होंने कहा, ”टी20 में हम इतना अच्छा प्रदर्शन नहीं करते थे, वनडे निश्चित रूप से थोड़ा बेहतर होता था। अब हम हर प्रारूप में बराबर अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। कोच ने हमें इस चीज में काफी मदद की है और हमने इसमें काफी सुधार किया है।”
महिला टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल की हार बाद स्मृति मंधाना ने फैन्स से मांगी माफी

