मुंबई: महात्मा गांधी के पड़पोते तुषार गांधी ने शुक्रवार को सावरकर को भारत रत्न देने की सिफारिश की आलोचना की। उन्होंने कहा- सावरकर, महात्मा गांधी के हत्यारे के संरक्षक थे। सावरकर को गांधीजी की हत्या के मामले में जांच का सामना करना पड़ा था। कोर्ट ने उन्हें भले ही बरी कर दिया था, लेकिन निर्दोष नहीं माना था।
तुषार गांधी ने कहा, ‘‘एक ऐसे समय में जब उनकी (महात्मा गांधी) हत्या के संरक्षक को भारत रत्न देने पर विचार किया जा रहा है। मैं सोचता हूं कि यह महत्वपूर्ण है कि हम बापू की हत्या के पीछे के मुख्य उद्देश्य और षडयंत्र को समझें। सावरकर को बरी करते हुए कोर्ट ने कहा था कि सावरकर के अपराध को संदेह से परे साबित करने के लिए पर्याप्त साक्ष्य प्रस्तुत नहीं किए गए।’’
‘हमें पुरानी बातें याद रखनी चाहिए’
महात्मा गांधी के पड़पोते ने कहा कि जब राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े लोग सावरकर को सर्वोच्च नागरिक सम्मान देने पर विचार कर रहे हों तो हमें ये सारी पुरानी बातें याद रखनी चाहिए। भाजपा ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के घोषणापत्र में चुनाव जीतने पर सावरकर को भारत रत्न देने का उल्लेख किया था। इसके बाद से ही लगातार कांग्रेस एवं अन्य विपक्षी दल इसका विरोध कर रहे हैं।
महात्मा गांधी के पड़पोते ने कहा- बापू के हत्यारे के संरक्षक थे सावरकर

