‘खतरों के खिलाड़ी’ में अपने स्टंट्स से दर्शकों का दिल जीत रहे ओरी ने चोटिल होने के बाद एक भावुक पोस्ट शेयर किया है, जिसके बाद उनके शो से बाहर होने की अटकलें तेज हो गई हैं। इंटरनेट मीडिया पर्सनैलिटी ओरी ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक वीडियो साझा किया है, जिसमें चोट लगने के बाद कुछ लोग उन्हें संभालते और मदद करते नजर आ रहे हैं। इस वीडियो के साथ ओरी ने अपनी जर्नी को लेकर एक इमोशनल नोट भी लिखा है, जिसने फैंस को सोचने पर मजबूर कर दिया है कि क्या उनका ‘खतरों के खिलाड़ी’ का सफर यहीं खत्म हो गया है?
अपने पोस्ट में ओरी ने बताया कि उन्होंने इस चुनौती को पूरा करने में अपनी पूरी ताकत लगा दी। उन्होंने लिखा है, “मैंने अपनी पूरी कोशिश की दोस्तों और मुझे अफसोस है कि अब मेरे अंदर देने के लिए और कुछ नहीं बचा है। मैं यह हम सभी के लिए और अपने लिए करना चाहता था। मैं कभी हार नहीं मानना चाहता था और मैंने कभी टास्क बीच में नहीं छोड़ा। मैंने वाकई पूरी कोशिश की, लेकिन कभी-कभी आपको हार स्वीकार करनी पड़ती है।”
ओरी ने अपने नोट में सेहत को सबसे ज्यादा प्राथमिकता देने की बात भी कही है। उन्होंने लिखा है, “सेहत हमेशा हर चीज से ऊपर होती है। सभी को शुभकामनाएं।” ओरी के इस भावुक संदेश के सामने आने के बाद फैंस के बीच यह चर्चा शुरू हो गई है कि क्या चोट के कारण उन्हें ‘खतरों के खिलाड़ी’ से अपना सफर खत्म करना पड़ा है। शो में अपने बेबाक अंदाज और स्टंट्स को लेकर ओरी लगातार सुर्खियां बटोर रहे हैं और दर्शकों को उनका सफर काफी पसंद आ रहा है। हालांकि, ओरी ने अपने पोस्ट में साफ तौर पर यह पुष्टि नहीं की है कि वह ‘खतरों के खिलाड़ी’ से बाहर हो रहे हैं। ऐसे में उनका शो से एग्जिट फिलहाल सिर्फ अटकलों का विषय है। लेकिन उनकी भावुक बातें और चोट के बाद सामने आया वीडियो इस ओर इशारा ज़रूर कर रहा है कि उनका सफर किसी अप्रत्याशित मोड़ पर पहुंच गया है।
क्या ‘खतरों के खिलाड़ी’ से बाहर हो रहे हैं ओरी? चोट के बाद भावुक पोस्ट ने बढ़ाई अटकलें, बोले- “कभी-कभी हार स्वीकार करनी पड़ती है”

