प्रयागराज:कुंभ 2019 से पहले ही आज कुंभ नगरी में हादसा हो गया। यहां पर दिंगबर अनी के अखाड़े में आग लग गई। तंबू की नगरी में आग लगने से अफरातफरी मच गई।
कुंभनगरी में मकर संक्रांति पर्व पर पहले शाही स्थान के थोड़ा समय पहले ही दिगंबर अनी अखाड़े में आग लगी। इस आग के कारण सामान जल गया है। आग से कोई जनहानि नहीं हुई है। प्रयागराज के कुंभ के सेक्टर 16 में दिगंबर अखाड़े का टेंट है। तेज हवाओं के चलते अखाड़े में अचानक आग लग गई। आग लगने के उपरांत मेला परिसर में भगदड़ मच गई। आसमान में काले धुएं का गुबार छा गया। आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुँच गई। आग की चपेट में आकर कार सहित काफी सामान जलकर खाक हो गया।
कुंभनगर में शास्त्री ब्रिज के दाहिने तरफ दिगंबर अनी अखाड़े के टेंट में आग लगने के कारण काफी सामान जल गया है। आग की चपेट में कई टेंट और कुछ वाहन भी आए हैं।
फायर ब्रिगेड ने काफी तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पा लिया है। कई टेंट के चपेट में आने के कारण आग बढ़ गई थी। गैस सिलेंडर भी आग की चपेट में आ गए थे, लेकिन उनमें ब्लास्ट न होने के कारण बड़ा हादसा टल गया।
एसपी सुरक्षा ने कहा कि कुंभ में दिगंबर अखाड़े के टेंट में लगी आग पर काबू पा लिया गया है, किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।सिलेंडर से आग लगी थी। आग पर काबू पाया गया। पुलिस के मुताबिक, आग लगने की वजह दो सिलेंडरों में धमाका होना बताया जा रहा है। आग लगने से भारी मात्रा में सामान भी जलकर राख हुआ है, इसमें चार पहिया वाहन भी शामिल हैं।
कुंभनगरी में दिगंबर अखाड़े के टेंट में आग से अफरातफरी

