नई दिल्ली। कर्नाटक की राजनीति में भूचाल मचाने वाली एक बड़ी खबर सामने आई है। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने कांग्रेस विधायक के.सी. वीरेन्द्र उर्फ पप्पी के घर और उनके सहयोगियों के ठिकानों पर शुक्रवार को ताबड़तोड़ छापेमारी की। यह कार्रवाई अवैध सट्टेबाजी और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े एक बड़े नेटवर्क की जांच के सिलसिले में की गई। ED अधिकारियों ने छापे के दौरान करीब ₹12 करोड़ नकद जब्त किया। गिनती के लिए नोट गिनने की मशीनें तक बुलानी पड़ीं। इस रेड में ₹6 करोड़ मूल्य का सोना, लगभग 10 किलो चांदी और चार लग्ज़री गाड़ियां भी जब्त की गईं। इसके अलावा, कैसिनो कार्ड, दस्तावेज़ और विदेशी कंपनियों से जुड़े रिकॉर्ड भी बरामद किए गए। मीडिया खबरों के अनुसार, एजेंसी ने कर्नाटक, गोवा, मुंबई और जोधपुर समेत 30 से ज्यादा ठिकानों पर छापेमारी की। इनमें वीरेन्द्र के गोवा स्थित 5 कैसिनो और उनसे जुड़ी कई कंपनियां भी शामिल थीं।
सूत्रों के मुताबिक, के.सी. वीरेन्द्र को सिक्किम के गंगटोक से गिरफ्तार किया गया, जहां वे एक कैसिनो पट्टे से जुड़े सौदे के लिए पहुंचे थे। ED का आरोप है कि कांग्रेस विधायक और उनके सहयोगी ऑनलाइन व ऑफलाइन सट्टेबाजी नेटवर्क चला रहे थे और इस अवैध कमाई को हवाला और शेल कंपनियों के जरिए सफेद किया जा रहा था। छापेमारी के दौरान बरामद दस्तावेजों से दुबई स्थित कंपनियों से संबंधों का भी खुलासा हुआ है। इस कार्रवाई ने कर्नाटक की राजनीति में हलचल मचा दी है। विपक्षी दलों ने कांग्रेस पर सवाल उठाते हुए कहा है कि उनकी पार्टी के नेता भ्रष्टाचार और अवैध धंधों में लिप्त हैं। वहीं कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यह छापेमारी राजनीतिक प्रतिशोध से प्रेरित है।
कर्नाटक में कांग्रेस नेता के घर ED की बड़ी कार्रवाई

