टीवी के हार्टथ्रॉब से लेकर OTT और फिल्मों तक, करण टैकर ने एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में अपनी खास जगह बनाई है। लेकिन उनके करियर की शुरुआत हुई थी यशराज फिल्म्स की रब ने बना दी जोड़ी से – वही फिल्म जिसमें सुपरस्टार शाहरुख़ ख़ान लीड में थे। करण हमेशा शाहरुख़ को अपना हीरो बताते आए हैं। हालाँकि फिल्म में उनका सीधा स्क्रीन-टाइम शाहरुख़ के साथ नहीं था, लेकिन सालों बाद जब उन्होंने एक अवॉर्ड शो होस्ट किया तो स्टेज शेयर करने का मौका मिला। वही क्लिप आज भी सोशल मीडिया पर वायरल होती रहती है। करण बताते हैं कि वही उनका शाहरुख़ से पहली बार आमना-सामना था।
करण कहते हैं,“यशराज स्टूडियो में अवॉर्ड्स हो रहे थे और मेरा मेकअप रूम शाहरुख़ सर के सामने था। उनका दरवाज़ा खुला था और मैं झाँक-झाँक कर देख रहा था -हीरो सामने हो तो कौन नहीं झाँकेगा! पहली बार बस एक हैलो हुआ और फिर सीधे स्टेज पर उनसे रूबरू हुआ। दिल धड़कना तो नैचुरल था, क्योंकि सामने वही थे जिन्हें मैं हमेशा से अपना हीरो मानता आया हूँ।” वो क्लिप आज भी देखने पर करण शर्मा जाते हैं। “कभी-कभी जब मैं वो वीडियो देखता हूँ तो सोचता हूँ यार, मैं तो पूरा फैनबॉय मोड में चला गया था। बस उन्हें देखता रह गया, बोलती बंद! पर यही तो उनकी खासियत है – कूल, चार्मिंग और इतना प्यारा कि इंसान बस उनको सुनता ही रह जाए।”
करण बताते हैं कि हाल की दिवाली पार्टी में उन्हें शाहरुख़ के साथ थोड़ा डांस करने का भी मौका मिला और वो उनके लिए “ड्रीम मोमेंट” था। वर्क फ्रंट पर करण का जलवा भी किसी से कम नहीं – स्पेशल ऑप्स 2 में RAW एजेंट फारूक अली के रूप में उनकी खूब तारीफ़ हुई, वहीं अनुपम खेर की तन्वी द ग्रेट में उन्होंने कैप्टन समर रैना का किरदार निभाया। अब वे साइकोलॉजिकल थ्रिलर सीरीज़ भय: द गौरव तिवारी स्टोरी में लीड रोल में नज़र आएंगे।
करण टैकर ने यशराज स्टूडियो में शाहरुख खान से अपनी पहली मुलाकात को याद किया

