एंजेलिस:चार ग्रैंड स्लेम के बाद सबसे बड़ा टूर्नामेंट माने जाने वाले इंडिया वेल्स मास्टर्स टेनिस टूर्नामेंट को खतरनाक कोरोना वायरस के चलते रद्द कर दिया गया है। इस टूर्नामेंट के क्वॉलिफाइंग मैच सोमवार से शुरू होने थे जबकि मुख्य ड्रॉ के मैच बुधवार (11 मार्च) से शुरू होने थे। इंडियन वेल्स के रद्द होने से वर्ष के दूसरे ग्रैंड स्लेम फ्रेंच ओपन और तीसरे ग्रैंड स्लेम विम्बलडन पर भी खतरा बढ़ गया है। 25 मार्च से शुरू होने वाला मियामी ओपन भी खतरे में पड़ गया है।
यूरोपियन क्ले सत्र अगले महीने से शुरू होने जा रहा है और इस क्ले सत्र में मोंटे कार्लो, मेड्रिड, बासेर्लोना , रोम और फ्रेंच ओपन सभी टूर्नामेंटों पर खतरे के बादल मंडरा रहे हैं। इंडियन वेल्स के रद्द होने से पांच करोड़ पौंड का नुकसान होने की आशंका है। मियामी ओपन के साथ भी इतना ही नुकसान हो सकता है। यदि कोरोना वायरस 2020 के टेनिस कैलेंडर को बुरी तरह प्रभावित करता है तो यह नुकसान अरबों डॉलर का हो सकता है।
टूर्नामेंट के आयोजक-रिवरसाइड काउंटी कम्यूनिटी ऑफ इंडियन वेल्स ने काउंटी अधिकारियों द्वारा एक मरीज के कोरोना वायरस से पीड़ित होने की पुष्टि होने के साथ पब्लिक हेल्थ इमरजेंसी घोषित किए जाने के बाद पहले इसे स्थगित करने का फैसला लिया था।
भारतीय टेनिस स्टार सुमित नागल को इस टूर्नामेंट में हिस्सा लेना था, लेकिन वह आयोजकों के इस फैसले से नाराज थे। नागल ने कहा था कि आयोजकों का फैसला काफी देरी से आया है। नागल ने ट्वीट किया, “आप इतना करीब आकर इस टूर्नामेंट को स्थगित नहीं कर सकते। रविवार रात तक इंतजार की जरूरत क्यों पड़ी। मुझे लगता है कि यह खिलाड़ियों को परेशान करने के लिए किया गया है। आपने इंतजार किया कि सब आ जाएं और फिर उनका स्वागत किया जाए और फिर टूर्नामेंट को स्थगित कर दिया जाए।”
स्पेनिश टेनिस स्टार रफाल नडाल ने टूर्नामेंट के स्थगित होने पर अपनी प्रतिक्रिया दी थी। नडाल ने कहा था कि दुनिया भर में हालात खराब हैं और ऐसे में हम स्थिति के जल्द से जल्द सामान्य होने और सबके स्वस्थ रहने की उम्मीद कर सकते हैं।

